टीम एबीएन, रांची। झारखंड के जामताड़ा जिले के करमाटांड़ थाना क्षेत्र से पुलिस ने तीन साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर करमाटांड़ थाना क्षेत्र के तेलियाडीह गांव में छापेमारी कर तीन साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है। हालांकि, छापेमारी के दौरान दो अपराधी भागने में सफल रहे। गिरफ्तार अपराधियों के पास से चार मोबाइल, आठ सिम कार्ड, आधार कार्ड और एटीएम कार्ड बरामद किया गया है। साइबर थाना प्रभारी सुरेश प्रसाद ने शुक्रवार को बताया कि गिरफ्तार साइबर अपराधियों में विकास रवानी एवं राजकिशोर रवानी जामताड़ा जिले का रहने वाला है जबकि एक अन्य साइबर अपराधी पिंटू रवानी देवघर जिले के देवीपुर थाना क्षेत्र का रहने वाला है। पिंटू रवानी इससे पूर्व साइबर अपराध के मामले में जेल जा चुका है और पिछले सप्ताह ही जेल से बाहर आया है। छापेमारी के दौरान फरार दो साइबर अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस दबिश दे रही है और उन्हें शीघ्र ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। गिरफ्तार अपराधियों पर साइबर थाना कांड संख्या 6/22 दर्ज कर आरोपियों को कोरोना जांच के उपरांत जेल भेज दिया गया है।