टीम एबीएन, रांची। एसआर डीएवी पब्लिक स्कूल, पुंदाग में महर्षि दयानंद जी की जयंती के अवसर पर सामूहिक हवन का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यालय परिवार ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम के प्रारंभ में स्वामी जी को श्रद्धा सुमन अर्पित की गई। प्राचार्य श्री संजय कुमार मिश्रा ने महर्षि दयानंद को भाव भीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि सुधारवादी आंदोलन के प्रमुख सूत्रधारों में स्वामीजी का योगदान अद्वितीय है।एक तरफ उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम में भाग लेने के लिए लाला लाजपत राय,भगत सिंह जैसे देश भक्तों को तैयार किया तो दूसरी तरफ पंडित गुरु दत्त, स्वामी श्रद्धानंद जैसे समाज सुधारकों को भी तैयार किया। आधुनिक भारत के निर्माण के लिए हम सभी उनके ऋणी रहेंगे। तत्कालीन समाज में ढोंग, अंध विश्वास, पाखंड, कुरीतियां फैली हुई थीं, उनसे मुक्ति मिले बिना स्वाधीनता अधूरी थी।उनसे समाज को मुक्ति दिलाकर स्वामी जी ने हम सब पर महान उपकार किया।उनके द्वारा आर्य समाज की नींव रखी गई। डीएवी विद्यालय उन्हीं के उन्नत विचारों का परिणाम हैं।हम सभी को स्वामीजी द्वारा बताए मार्ग का अनुसरण करना चाहिए।शांति पाठ तथा जयघोष के साथ सभा समाप्त हुई।