टीम एबीएन, रांची। बिहार और झारखंड के नागरिकों के लिए एक अच्छी खबर है। राज्य के सबसे बड़े अस्पताल रिम्स में पहली बार नवजात बच्चों के लिए नियोनेटोलॉजी विभाग की ओपीडी शुरू हुई। निदेशक डॉ कामेश्वर प्रसाद ने ओपीडी का उद्घाटन किया। चिकित्सकों के अनुसार बिहार और झारखंड के किसी भी मेडिकल कॉलेज में इस तरह की यह पहली ओपीडी होगी। सप्ताह में सिर्फ एक दिन बुधवार को इस ओपीडी का संचालन होगा। नियोनेटोलॉजी विभाग के चिकित्सक डॉ किरण शंकर दास ने बताया कि इस ओपीडी के खुल जाने से नियोनेटोलॉजी विभाग में भर्ती बच्चों के इलाज के बाद फॉलोअप में परेशनी नहीं होगी। पहले ऐसे बच्चों को सीधा विभाग में बुलाकर देखना पड़ता था या फिर पीडियाट्रिक ओपीडी में दिखाना पड़ता था। उद्धाटन के दौरान डॉ कामेश्वर प्रसाद ने बताया कहा कि भविष्य में अधिक रिस्क वाले नवजात के फोलोअप के लिए न्यूरो डेवलपमेंटल क्लीनिक शुरू करने की योजना है।