Breaking
ताज़ा समाचार लोड हो रहा है...
झारखंड

गुमला उपायुक्त ने जानी सदर प्रखंड के टोटो पंचायत सचिवालय कार्यालय की हकीकत

शेयर करें: WhatsApp Facebook X
गुमला उपायुक्त ने जानी सदर प्रखंड के टोटो पंचायत सचिवालय कार्यालय की हकीकत
विज्ञापन
टीम एबीएन, गुमला। उपायुक्त गुमला शिशिर कुमार सिन्हा ने आज सदर प्रखंड के टोटो पंचायत सचिवालय का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों के साथ पंचायत सचिवालय में बैठक कर विभिन्न संचालित योजनाओं की अद्यतन स्थिति, प्रगति तथा पंचायत एवं राजस्व कर्मचारियों के कार्यों की भी जांच की। निरीक्षण के क्रम पाया गया कि पंचायत सचिवालय कार्यालय के सामने स्थित तहसील कचहरी विगत 02-03 सालों से तालाबंद है। उप मुखिया द्वारा बताया गया कि तहसील कचहरी के हैंडोवर नहीं होने के कारण भवन कार्यात्मक नहीं है। उपायुक्त ने तहसील कचहरी के तालाबंद एवं कार्यात्मक नहीं होने पर नाराजगी व्यक्त करते हुए राजस्व कर्मचारी एवं उप मुखिया को फटकार लगाया। उन्होंने कार्यपालक अभियंता भवन प्रमंडल को आज ही तहसील कचहरी भवन सदर अंचलाधिकारी को हैंडओवर करने का निर्देश दिया। साथ ही उन्होंने उप विकास आयुक्त को जिले के अन्य पंचायतों के तहसील कचहरी कार्यालयों की कार्यशीलता की जांच सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। इसके साथ ही उपायुक्त ने पंचायत सचिवालय कार्यालय का निरीक्षण कर कार्यालय सहित परिसर की नियमित साफ-सफाई, रख-रखाव, रंगरोगन सुनिश्चित कराने का भी निर्देश दिया। पंचायत सचिवालय में बैठक के क्रम में उपायुक्त ने कार्यालय में संधारित ग्राम सभा पंजी, मनरेगा पंजी, कार्यकारिणी पंजी आदि की मांग की। पाया गया कि उक्त पंजियां कार्यालय में संधारित नहीं हैं। सदर प्रखंड विकास पदाधिकारी द्वारा पंचायत सचिव विनोद उराँव द्वारा पंजियों का संधारण नहीं किए जाने, कार्यालय से नियमित रूप से अनुपस्थित पाए जाने, कार्य के प्रति संवेदनहीनता एवं शिथिलता बरतने की शिकायत की गई। जिसपर उपायुक्त ने जिला पंचायती राज पदाधिकारी को पंचायत सचिव को निलंबित करने हेतु प्रस्ताव तैयार करने का निर्देश दिया। बैठक में उपायुक्त ने टोटो पंचायत में संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के अद्यतन स्थिति एवं प्रगति की समीक्षा की। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) की समीक्षा के क्रम में पाया गया कि वित्तीय वर्ष 21-22 में 191 आवास निर्माण का लक्ष्य निर्धारित किया गया था। निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप 191 लाभुकों का चयन कर लिया गया। 62 लाभुकों के आवासों में ढलाई का कार्य पूर्ण कर लिया गया है, 80 आवासों में विंडो लेवल तथा शेष 49 आवासों का निर्माण कार्य संचालित होने की जानकारी दी गई। इसपर उपायुक्त ने सरकार द्वारा आवास निर्माण हेतु निर्धारित दायरे में ही लाभुकों को आवास निर्माण कराने का निर्देश दिया। उन्होंने निर्धारित लक्ष्य के आधार पर शत-प्रतिशत लाभुकों का आवास निर्माण पूर्ण कराने का निर्देश दिया। उन्होंने समन्वयक को आवास के लाभुकों से समय-समय पर मिलकर उन्हें आवास निर्माण कार्य पूर्ण कराने हेतु प्रेरित करने तथा आवश्यकतानुसार उन्हें निर्माण सामग्रियां उपलब्ध कराने का निर्देश दिया, ताकि लाभुक समय पर अपने आवासों का निर्माण कार्य पूर्ण कर सकें। बैठक में मनरेगा अंतर्गत आॅनगोइंग योजनाओं की समीक्षा की गई। प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी ने मनरेगा अंतर्गत पंचायत में 02 दीदी बाड़ी, 08 आम बागवानी, 10 गाय/ बकरी शेड, 02 कच्चा नाला आदि योजनाओं के आॅनगोइंग होने की जानकारी दी। जिसपर उप विकास आयुक्त ने प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी को वित्तीय वर्षवार योजनाओं का सारांश प्रतिवेदित करने का निर्देश दिया। बैठक में लगान वसूली की समीक्षा की गई। राजस्व कर्मचारी ने बताया कि 5000 जमाबंदी के आधार पर 602 रसीद काटे गए। जिसपर उपायुक्त ने विगत 03 वित्तीय वर्षों में किए गए लगान वसूली/ काटे गए रसीदों की जानकारी प्रतिवेदित करने का निर्देश दिया। वहीं म्यूटेशन से संबंधित लंबित एवं अस्वीकृत मामलों की समीक्षा के क्रम में पाया गया कि म्यूटेशन से संबंधित 131 आवेदन प्राप्त किए गए। जिसमें से 21 आवेदन लंबित हैं तथा 51 आवेदन अस्वीकृत किए गए हैं। इसपर उपायुक्त ने म्यूटेशन से संबंधित अस्वीकृत मामलों के 05 अभिलेख उप विकास आयुक्त तथा अपर समाहर्त्ता के कार्यालय में उपलब्ध कराने का निर्देश राजस्व कर्मचारी को दिया। आपूर्ति विभाग द्वारा संचालित योजनाओं की समीक्षा के क्रम में उपायुक्त ने राशन कार्ड बनाने के नाम पर बिचौलियों की संलिप्तता पाए जाने पर जांच कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने सदर अनुमंडल पदाधिकारी को टोटो पंचायत के पीडीएस दुकानों द्वारा राशन वितरण की अनियमितता की जांच सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। वहीं पीडीएस डीलर राजेश कुमार द्वारा निर्धारित मात्रा से कम राशन एवं अनाज उपलब्ध कराने पर उपायुक्त ने फटकार लगाते हुए डीलर को निलंबित करने का निर्देश दिया। बैठक में उपायुक्त शिशिर कुमार सिन्हा, उप विकास आयुक्त कर्ण सत्यार्थी, अपर समाहर्त्ता सुधीर कुमार गुप्ता, सदर अनुमंडल पदाधिकारी रवि आनंद, जिला योजना पदाधिकारी सह जिला जनसंपर्क पदाधिकारी विभूति कुमार सिंह, जिला पंचायती राज पदाधिकारी मोनिका रानी टूटी, सदर प्रखंड विकास पदाधिकारी सुकेशनी केरकेट्टा, सदर अंचल अधिकारी कुशलमय केनेथ मुण्डू, प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी बेबी कुमारी, पणन पदाधिकारी, प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारी, राजस्व कर्मचारी, कनीय अभियंता विशेष प्रमंडल, पंचायत सेवक, जन सेवक, टोटो ग्राम एवं झरगाँव ग्राम की जलसहिया, उप मुखिया, मनरेगा मेट व अन्य उपस्थित थे।
विज्ञापन

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ 24 अपने सभी पाठकों और प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और विश्वास के लिए धन्यवाद।

विज्ञापन

© 2026 ABN News 24. All Rights Reserved.

कुल पाठक (Total Visitors): 34,599