टीम एबीएन, रांची। झारखंड में दुमका जिले के काठीकुंड थाना क्षेत्र में एक महिला के खाते से धोखाधड़ी कर रुपये की अवैध निकासी करने के मामले में पुलिस ने सोमवार को एक ग्राहक सेवा केंद्र (सीएसपी) संचालक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस ने बताया कि जिले के काठीकुंड थाना क्षेत्र के नकटी गांव में ग्राहक सेवा केंद्र (सीएसपी) चला रहे संजीव गुप्ता ने श्रम कार्ड बनाने के नाम पर सरोज लीना सोरेन का अंगूठा का निशान लेकर उनके खाते से अवैध रूप से पांच हजार रुपए की निकासी कर ली। इसकी भनक जब सरोज को हुई तो उसने सीएसपी संचालक से पूछताछ की, लेकिन संजीव ने यह बात किसी को नहीं बताने को कहा गया और अवैध रूप से उसके खाते से निकासी की गयी राशि लौटा दी। सूत्रों ने बताया कि मामले को लेकर सरोज ने काठीकुंड के प्रभारी को दी। पुलिस ने महिला के लिखित आवेदन पर काठीकुंड थाना में प्राथमिकी दर्ज कर सीएसपी संचालक को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। मामले की छानबीन की जा रही है।