टीम एबीएन, रांची। धुर्वा थाना क्षेत्र के डैम साइड में सड़क दुर्घटना में एक युवक की मौत हो गई। घटना रविवार की है। मृतक का नाम प्रमोद उरांव है और वह नगड़ी के महुआ टोली का रहने वाला था। मृतक प्रमोद के पिता बिरसा उरांव एचईसी में कार्यरत हैं। प्रमोद एचईसी से सीटीआई का कोर्स करने के बाद नौकरी की तलाश में था। परिजनों के अनुसार प्रमोद की होली के बाद शादी होने वाली थी।
बताया जा रहा है कि प्रमोद और उसके चार दोस्त बाइक व स्कूटी से धुर्वा डैम घूमने के लिए आए थे। बताया जा रहा है कि स्कूटी (जेएच 01 डीसी 1574) और बाइक (जेएच 01 सीएन 0862) की आपस में टक्कर हो गयी। इसमें स्कूटी सवार प्रमोद की मौत हो गई। वहीं, घटना में प्रमोद के दो साथी घायल हो गए। घटना की जानकारी मिलने के बाद धुर्वा थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। शव को अपने कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया है।