टीम एबीएन, रांची। झारखंड में दुमका जिले के नगर थाना क्षेत्र से पुलिस ने शुक्रवार को पशु क्रूरता अधिनियम से जुड़े मामले में दो लोगों को गिरफ्तार कर ट्रक को जब्त कर लिया। पुलिस ने बताया कि पुलिस अधीक्षक को मिली गुप्त सूचना के आधार पर नगर थाना क्षेत्र में पूसारो पुल के पास शुक्रवार की सुबह से वाहनों की जांच शुरू की। इसी क्रम में पुलिस ने एक ट्रक पर गैर कानूनी तरीके से ले जाए जा रहे 16 मवेशी एवं दो बछड़े को बरामद किया। दुमका के पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी देवब्रत पोद्दार ने बताया कि अवैध तरीके से ट्रक पर पशु को लाद कर पशु तस्करी करने के मामले में ट्रक चालक सहित दो अभियुक्त को गिरफ्तार करने के साथ ही ट्रक को भी जब्त कर लिया गया है। इनकी पहचान बिहार निवासी दरोगा यादव और बाल्मिकी यादव के नाम से हुई है। उन्होंने कहा कि इस संबंध में नगर थाना में एक प्राथमिकी दर्ज की गयी है। पूछताछ के बाद दोनों आरोपी को जेल भेज दिया गया है।