कोडरमा। विश्व कैंसर दिवस पर आज सदर अस्पताल कोडरमा में मरीजों के कैंसर का स्क्रीनिंग किया गया,जिनमे मुंह का कैंसर एवं महिलाओं में होने वाले सर्वाइकल कैंसर का स्क्रीनिंग किया गया। आज से शुरू हुए यह स्क्रीनिंग कैम्प एक सप्ताह तक सदर अस्पताल के ओ पी डी में चलेगा। आज डेंटल ओ पी डी में कुल 30 लोगों का मुंह के कैंसर का स्क्रीनिंग किया गया, जिनमें से एक व्यक्ति में मुंह के कैंसर का लक्षण पाया गया। उन्हें तत्काल ही वरीय दंत चिकित्सा पदाधिकारी डॉ शरद कुमार द्वारा बेहतर इलाज के लिए टी एम एच जमशेदपुर अथवा मुम्बई जाने की सलाह दी गई। वहीं महिला ओ पी डी में कॉलकोस्कोपी मशीन द्वारा पांच महिलाओं का सर्वाइकल कैंसर का स्क्रीनिंग डॉ चेलना जैन द्वारा किया गया। आज कैंसर स्क्रीनिंग के लिए दंत विभाग में डॉ शरद कुमार, डॉ नीतू सिंह, दंत सहायक अनु कुमारी एवं डेंटल हैजिनिस्ट जितेंद्र कुमार मिश्र मौजूद थे वही महिला ओपीडी में डॉ चेलना जैन के अलावा स्टाफ नर्स प्रदीप कुमार, करिश्मा कुमारी एवं एएनएम पुष्पा कुमारी मौजूद थी।वरीय दंत चिकित्सा पदाधिकारी डॉ शरद कुमार द्वारा लोगों को मुंह में होने वाले कैंसर के ये प्रमुख लक्षण बताया गया। मुंह में सफेद या लाल दाग या घाव, मुंह में किसी भी जगह त्वचा का कड़ा हो जाना,ऐसे घाव जो एक माह तक भी ठीक नही हो, मसालेदार खाना खाने में परेशानी होना, मुंह खोलने में कठिनाई होना, जीभ की बाहर निकालने में कठिनाई होना, आवाज में परिवर्तन (नाक से बोलना), अत्यधिक लार का निकलना, चबाने या निगलने में कठिनाई होना, इनमें से कोई भी लक्षण किन्ही को भी हो तो वे तुरंत मुंह एवं दंत रोग विशेषज्ञ से परामर्श ले और समय रहते अपना इलाज करवाएं। शुरुआत के लक्षणों के बाद तुरंत इसका उपचार शरू कर देने से आप कैंसर जैसे बीमारियों से बच सकते है परंतु अगर इसे नजरंदाज किया गया तो यह जानलेवा भी हो सकता है।