टीम एबीएन, गुमला। उपायुक्त गुमला शिशिर कुमार सिन्हा ने उप विकास आयुक्त कर्ण सत्यार्थी को साथ लेकर आज बिशुनपुर प्रखंड के सेरका एवं चिरोडीह पंचायतों में विशेष केंद्रीय सहायता मद से संचालित सौर्य आधारित माइक्रोलिफ्ट सिंचाई योजना की गुणवत्ता, कार्यशीलता तथा उपयोगिता की जांच कर आवश्यक दिशा- निर्देश दिए। उपायुक्त ने सेरका पंचायत स्थित कुल्हवार नदी पर संचालित सौर आधारित माइक्रोलिफ्ट सिंचाई योजना का निरीक्षण किया। निरीक्षण के क्रम में योजनांतर्गत कार्य संतोषजनक पाया गया। कार्यस्थल पर 02 सौर आधारित लाईट भी क्रियाशील पाए गए। उपायुक्त ने योजना का अधिकाधिक लाभ वहां के किसानों को दिलाने का निर्देश दिया। उन्होंने इस योजना से आसपास के खेती युक्त भूमि को भी हरा-भरा बनाने पर जोर दिया। इसके साथ ही उपायुक्त ने ग्रामीणों से वातार्लाप कर लोगों के सामूहिक समस्याओं की जानकारी प्राप्त की। जिसपर ग्रामीणों द्वारा विद्युत आपूर्ति की आवश्यकता बताई गई। उपायुक्त ने सेरका पंचायत के ग्रामों में 15 वीं वित्त आयोग मद अंतर्गत विद्युत सुविधा बहाल करने का आश्वासन दिया। उपायुक्त ने चिरोडीह पंचायत स्थित देवगानी ग्राम में कोयल नदी पर विशेष केंद्रीय सहायता मद अंतर्गत संचालित सौर आधारित माईक्रोलिफ्ट सिंचाई योजना का निरीक्षण किया। इंटेक वेल के जांच के क्रम में इंटेक वेल के निर्माण कार्य की गुणवत्ता असंतोषजनक पाई गई। इसपर उपायुक्त ने इंटेक वेल के पारापेट को ऊंचा करने के साथ-साथ कार्य में सुधार लाने का निर्देश कनीय अभियंता को दिया। इसके साथ ही उन्होंने इंटेक वेल को अच्छे से ढंकने पर भी जोर दिया। निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त शिशिर कुमार सिन्हा सहित उप विकास आयुक्त कर्ण सत्यार्थी, अंचल अधिकारी बिशुनपुर धनंजय पाठक, जिला योजना पदाधिकारी सह जिला जनसंपर्क पदाधिकारी विभूति कुमार सिंह, जिला अभियंता जिला परिषद तारणी प्रसाद मुखिया, सहायक अभियंता जिला परिषद ए रहमान सहित, कनीय अभियंता, सेरका पंचायत के मुखिया व अन्य मौजूद थे।