टीम एबीएन, रांची। झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी ने आज कांग्रेस भवन, रांची में अखिल भारतीय कांग्रेस कमिटी के महासचिव व झारखंड प्रभारी अविनाश पांडे ने पूर्व सांसद डॉ प्रदीप कुमार बलमुचू एवं पूर्व विधायक सुखेदव भगत को पार्टी का पट्टा पहनाकर एवं पुष्प गुच्छ देकर कांग्रेस की सदस्यता दिलाई। मौके पर प्रदेश प्रभारी अविनाश पांडे ने कहा कि दोनों नेताओं के आने से पार्टी मजबूत होगी। दोनों नेता काफी अनुभवी हैं। इनके अनुभव का लाभ संगठन को मजबूती देने एवं कांग्रेस की विचारधारा को आम जन तक पहुंचाने में मदद करेगी। इन दोनों नेताओं की विचारधारा कांग्रेस की ही थी। किसी कारण ये कांग्रेस परिवार से अलग हो गये थे। लेकिन आज दोनों के वापस घर आने पर हम सभी को हर्ष है। वहीं प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने कहा कि दोनों नेताओं का पार्टी में स्वागत है। शीर्ष नेतृत्व ने जो भरोसा इन दोनों के प्रति दिखाया है, मुझे यकीन है कि दोनों नेता शीर्ष नेतृत्व की उम्मीदों पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करेंगे। साथ ही कांग्रेस पार्टी के जनाधार को और अधिक सशक्त एवं मजबूती प्रदान करने की दिशा में कार्य करेंगे।
सह झारखण्ड प्रभारी उमंग सिंघार ने दोनों नेताओं का स्वागत करते हुए कहा कि नि:सन्देह दोनों नेताओं के अनुभव हमें संगठन को मजबूत करने में कारगर साबित होगी। इस अवसर पर डॉ प्रदीप कुमार बलमुचू ने कहा कि जब मैंने पार्टी छोड़ी तो पार्टी में नहीं रहने का एहसास हुआ। ऐसा महसूस हो रहा था कि मैं बिल्कुल अकेला हो गया हूं। मैं अपने लोगों से बहुत दूर हो चुका हूं। उन्होंने कहा कि मैं पार्टी में कार्यकर्ता के रूप में रहकर संगठन को मजबूती दूंगा। मैं यकीन दिलाता हूं कि अब दोबारा इस तरह की गलती नहीं होगी। अब जो भी होगा कि पार्टी में रहकर होगा और जाना है तो इसी पार्टी के ध्वज से लिपटकर अन्तिम यात्रा तय करनी है। उन्होंने कहा कि आज मुझे बहुत खुशी है कि मैं पुन: अपने घर एवं परिवार में वापस लौटा हूं।