टीम एबीएन, गुमला। घाघरा प्रखंड स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय गुमला में आज दिनांक 31.01.22 (सोमवार) को कला विभाग के प्रबुद्ध शिक्षक डीएन महतो के 27 साल नवोदय विद्यालय समिति को अपना अपूर्व योगदान देते हुए उनके अवकाश प्राप्ति के सुनहरे अवसर पर एक विदाई समारोह आयोजित किया गया। आयोजन में प्राचार्य, कला शिक्षक सपरिवार तथा विद्यालय के सभी कर्मचारी उपस्थित रहे। सेवा की शुरुआत करते हुए सर्वप्रथम जवाहर नवोदय विद्यालय दरभंगा ( 01.07.1995- 08.09.2002) में इन्होंने अपना अभूतपूर्व योगदान दिया। तत्पश्चात गोपालगंज, गिरिडीह में भी ये कार्यरत रहे। उसके बाद 21.08.21- 31.01.22 तक जवाहर नवोदय विद्यालय गुमला में अपना बहुमूल्य योगदान दिया। कार्यक्रम में आकाश सैनी (पीजीटी केमिस्ट्री), वशिष्ठ पाण्डे (टीजीटी उड़िया), ज्योति टूटी मैम (टीजीटी सोशल साइंस), रामाशीष गोस्वामी (पीजीटी अंग्रेजी) एवं अन्य सभी शिक्षकों ने उनके व्यक्तित्व के बारे में बताया कि किस प्रकार उन्होंने बच्चों को कला शिक्षण के साथ-साथ जीवन जीने की कला भी सिखाई। साथ ही उनके साथ बिताए गए सुखद अनुभवों को याद करते हुए सबके साथ साझा किया। प्राचार्य ने भी उनके कर्म एवं व्यवहार पर प्रकाश डालते हुए बताया कि किस प्रकार उन्होंने विद्यालय के सभी महत्वपूर्ण कार्यों में अपनी अमूल्य भूमिका निभाते हुए सभी बच्चों के गुणवत्ता पूर्ण शिक्षा के साथ -साथ बच्चो के सर्वांगीण विकास के लिए सदा अग्रसर रहे।
कार्यक्रम की अंतिम कड़ी में सबके प्रिय कला शिक्षक डीएन महतो ने सबसे पहले प्राचार्य का आभार व्यक्त किया तथा सभी शिक्षकों एवं कर्मचारियों को धन्यवाद देते हुए कहा कि सभी के सहयोग एवं सौहार्दपूर्ण व्यवहार के कारण ही नवोदय विद्यालय में सकारात्मक तरीके से अपनी सेवा देने में सफल रहे। अंत में प्राचार्य महोदय ने उनके भावी जीवन की मंगल कामना करते हुए उन्हें स्मृति चिह्न भेंट किया। इस प्रकार सभी कर्मचारियों ने उनके उज्जवल भविष्य की कामना करते हुए नम आंखों से उन्हें विदाई दी।