टीम एबीएन, कोडरमा। स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत शहरी क्षेत्र को स्वच्छ रखने में महत्वपूर्ण योगदान देने पर झुमरी तिलैया नगर परिषद ने अलग-अलग कैटेगरी में सोमवार को पुरस्कार का वितरण किया है। प्रतियोगिता में स्वच्छ अस्पताल, स्वच्छ शिक्षण संस्थान, स्वच्छ सरकारी कार्यालय, स्वच्छ हाउसिंग सोसाइटी, स्वच्छ होटल और स्वच्छ बाजार समिति को स्वच्छ सर्वेक्षण 2022 के तहत आयोजित प्रतियोगिता में पुरस्कृत किया है। सोमवार को नगर परिषद कार्यालय में आयोजित पुरस्कार वितरण कार्यक्रम के दौरान स्वच्छ अस्पताल की कैटेगरी में रांची पटना रोड में संचालित श्री साईं अस्पताल ने 88 अंकों के साथ प्रथम, चित्रगुप्त नगर में संचालित जयप्रकाश अस्पताल ने 86 अंकों के साथ द्वितीय एवं रांची पटना रोड में संचालित आर्यन अस्पताल ने 85 अंकों के साथ तृतीय स्थान प्राप्त किया है। स्वच्छ शिक्षण संस्थान की कैटेगरी में ग्रिजली बीएड कॉलेज ने 89 अंकों के साथ प्रथम, डीएवी पब्लिक स्कूल ने 86 अंकों के साथ द्वितीय, मॉडर्न पब्लिक स्कूल ने 73 अंकों के साथ तृतीय स्थान प्राप्त किया है, स्वच्छ सरकारी कार्यालय में रांची पटना रोड में संचालित पोस्ट ऑफिस ने 75 अंकों के साथ प्रथम, बीएसएनएल कार्यालय ने 55 अंकों के साथ द्वितीय, बाजार समिति कार्यालय ने 53 अंकों के साथ तृतीय स्थान प्राप्त किया है। स्वच्छ हाउसिंग सोसाइटी में सीडी कॉलोनी ने 81 अंकों के साथ प्रथम, आश्रम रोड बिशुनपुर ने 75 अंकों के साथ द्वितीय एवं चित्रगुप्त नगर ने 71 अंकों के साथ तृतीय स्थान प्राप्त किया है। वही स्वच्छ होटल कैटेगरी में होटल रामेश्वरम ने 55 अंकों के साथ प्रथम, होटल सूर्या ने 49 अंकों के साथ द्वितीय एवं होटल तारा टावर ने 47 अंकों के साथ तृतीय स्थान प्राप्त किया है। इसके अलावा स्वच्छ बाजार समिति पंजीकृत प्रतियोगिता में अशोका होटल के समीप संचालित खुदरा सब्जी मंडी ने 89 अंकों के साथ प्रथम और अड्डी बंगला रोड में संचालित बाजार समिति ने 75 अंकों के साथ द्वितीय स्थान प्राप्त किया है। पुरस्कार वितरण कार्यक्रम के दौरान नगर प्रशासक ने उपरोक्त प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने पर संबंधित संस्थानों और प्रतिष्ठानों के प्रतिनिधियों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया है। इस मौके पर नगर प्रशासक विनीत कुमार ने बताया कि आवासन और शहरी कार्य मंत्रालय भारत सरकार के द्वारा स्वच्छ सर्वेक्षण 2022 शुरू कर दिया गया है। इसी के अंतर्गत झुमरीतिलैया नगर परिषद क्षेत्र में कई प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया था। दिसंबर 2021 में इस प्रतियोगिता को लेकर अधिसूचना जारी की गई थी। इसके परिणामों की घोषणा आज की गई है। प्रतियोगिता का मूल्यांकन नगर परिषद स्तर से तैयार किए गए एक कमेटी के द्वारा किया गया। जिसमें बेहतर प्रदर्शन करने वालों को प्रमाण पत्र देकर पुरस्कृत किया गया है।