टीम एबीएन, रांची। झारखंड में कोरोना संक्रमण की रफ्तार मंद पड़ने लगी है। बड़ी संख्या में कोरोना संक्रमित ठीक भी हो रहे हैं, इस वजह से एक्टिव केस की संख्या राज्य में घटी है। हालांकि 28 जनवरी को भी राज्य में कोरोना से 06 लोगों ने जान गंवाई। इससे झारखंड में कोरोना से मरने वालों की संख्या बढ़कर 5297 हो गई। राज्य में 28 जनवरी को 52347 सैंपल की जांच हुई, इसमें से 912 नए कोरोना संक्रमित मिले हैं। इधर, 2599 कोरोना संक्रमित ठीक हुए हैं। इससे अभी झारखंड में एक्टिव केस की संख्या 10383 है।
झारखंड के 22 जिलों में नए संक्रमित : झारखंड में शुक्रवार 28 जनवरी को गिरिडीह और पाकुड़ जिले को छोड़कर अन्य सभी 22 जिलों में कोरोना के नए केस मिले हैं। 28 जनवरी 2022 को जहां- जहां नए केस मिले हैं, उसमें सबसे ज्यादा जमशेदपुर में 219 नए केस मिले हैं, रांची में 170, सिमडेगा में 200 नए कोरोना संक्रमित की पहचान हुई है।
06 लोगों की गई जान : Covid19 से 28 जनवरी 2022 को 6 लोगों की कोरोना से मौत हुई है, जिसमें कोडरमा और धनबाद में 01-01 और रांची-गुमला में 02-02 लोगों की कोरोना से जान चली गई।
कोरोना इंडिकेटर्स में झारखंड : झारखंड में बड़ी संख्या में रिकवरी से कोरोना इंडिकेटर्स में झारखंड की स्थिति में मामूली सुधार हुआ है। झारखंड में 7 डेज ग्रोथ रेट 0.24% है, वहीं 7 डेज डबलिंग रेट 293.66 दिन का हो गया है। झारखंड में रिकवरी रेट भी 96.32% है, जबकि झारखंड में कोरोना मोर्टेलिटी रेट 1.24 % है।