टीम एबीएन, रांची। एसआर डीएवी पब्लिक स्कूल पुंदाग में लाला लाजपत राय की जयंती पर उन्हें पुष्पांजलि अर्पित की गई एवं स्वतंत्रता संग्राम में उनकी महती भूमिका पर चर्चा की गई। प्राचार्य एसके मिश्रा ने उन्हें स्वाधीनता संग्राम का महानायक बताया। उन्होंने कहा कि लाला लाजपत राय एक कुशल वकील, महान देश भक्त, स्वामी दयानंद के सच्चे अनुयायी, आर्य समाज के सक्रिय सदस्य तथा सुधारवादी नेता थे। एक तरफ उन्होंने ब्रिटिश आक्रांताओं के खिलाफ संघर्ष किया तो दूसरी तरफ सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ भी आवाज बुलंद किया। उन्होंने भारत माता को गुलामी की बेड़ियों से आजादी दिलाने के लिए आत्मोत्सर्ग कर दिया।देश उनका ऋणी रहेगा। इस अवसर पर रांची के प्रसिद्ध सिविल सर्जन डॉ विनोद कुमार भी उपस्थित थे। विद्यालय में उपस्थित शिक्षक और शिक्षिकाओं ने भी लाला लाजपत राय को याद करते हुए उन्हें भावभीनी भावांजलि एवं पुष्पांजलि अर्पित की।