दुमका : झंडोत्तोलन के बाद बोले सीएम- राज्य की उन्नति में सबका सहयोग अपेक्षित
ABN Bureau• 26 Jan, 2022
1 Views
विज्ञापन
टीम एबीएन, दुमका। गणतंत्र दिवस पर झारखंड की उपराजधानी दुमका में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने बुधवार को तिरंगा फहराया। इससे पहले मुख्यमंत्री ने परेड का निरीक्षण किया और झंडे को सलामी दी। दुमका के पुलिस लाइन मैदान में आयोजित गणतंत्र दिवस समारोह में मुख्यमंत्री ने लोगों को बधाई भी थी। इस दौरान झारखंड सरकार के विभिन्न विभागों ने झांकी निकाली, जिसमें विभाग की ओर से संचालित की जा रही विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी गई थी। बाद में दुमका के पुलिस लाइन मैदान में गणतंत्र दिवस समारोह में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने लोगों को संबोधित किया। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने राज्य के लोगों से अपील की कि आप झारखंड के विकास में सहयोग करें। उन्होंने लोगों से अपील की कि इस गणतंत्र दिवस के अवसर पर हम एक ऐसा झारखंड बनाने का संकल्प लें जो उन सपनों और आशाओं के अनुरूप हो जिसके लिए काफी त्याग और बलिदान के बाद इस राज्य का सृजन हुआ। मैं एक ऐसे झारखंड की परिकल्पना करता हूं जो गरीबी, बेरोजगारी, अशिक्षा और भ्रष्टाचार से मुक्त हो। इस सपने को साकार करने में आप सभी अपनी सक्रिय भागीदारी निभाएं। हमारे साथ-साथ आप भी अपनी वचनबद्धता निभाएं।
सब्सिडी योजना का शुभारंभः सीएम हेमंत सोरेन ने अपील की कि हम सब मिलकर राज्य में स्थिरता शांति और समरसता का माहौल बनाएं और अपनी सृजनशीलता, सकारात्मक ऊर्जा से राज्य की सर्वांगीण प्रगति और उन्नति में योगदान दें। इस दौरान सीएम हेमंत सोरेन ने बुधवार को सब्सिडी योजना का भी शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि आज से पूरे राज्य में सीएम सपोर्ट योजना के माध्यम से प्रत्येक गरीब और जरूरतमंद दोपहिया वाहन मालिक को प्रतिमाह 10 लीटर पेट्रोल के लिए 25 रुपये प्रति लीटर की दर से 250 रुपये की राशि की सहायता मिलेगी। यह राशि लाभार्थियों के खातों में सीधे भेज दी जाएगी।