टीम एबीएन, दुमका। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन दो दिवसीय दौरे पर मंगलवार की दोपहर दुमका पहुंचे। मुख्यमंत्री 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस पर उपराजधानी में झंडोत्तोलन करेंगे। दुमका हवाई अड्डे पर मुख्यमंत्री के पहुंचने पर स्थानीय विधायक बसंत सोरेन ने बुके देकर उनका स्वागत किया। जिला प्रशासन की ओर से मुख्यमंत्री को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। हवाई अड्डे से मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन सीधे शिबू सोरेन आवास पहुंचे, जहां झामुमो की प्रमंडलीय बैठक में भाग ले रहे हैं।बैठक दुमका में होनेवाले झामुमो स्थापना दिवस समारोह की तैयारी को लेकर हो रही है। मौके पर झामुमो सांसद विजय हांसदा और विधायक बसंत सोरेन, नलिन सोरेन, दिनेश मरांडी सहित अन्य नेता उपस्थित थे। चार फरवरी 1973 को धनबाद के गोल्फ ग्राउंड में शिबू सोरेन एके राय और विनोद बिहारी महतो ने झामुमो की स्थापना की थी। इसके बाद से हर साल इसी दिन पार्टी की ओर से स्थापना दिवस समारोह का आयोजन धनबाद के गोल्फ ग्राउंड में किया जाता है। कार्यक्रम में पार्टी अध्यक्ष शिबू सोरेन, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन समेत पार्टी के सभी सांसद विधायक भाग लेते थे। 2021 में कोरोना की वजह से पार्टी ने स्थापना दिवस समारोह नहीं मनाने का फैसला किया था। इस बार भी सरकार द्वारा राज्य में लगाए गए मिनी लॉकडाउन में 100 से अधिक लोगों के जुटने पर रोक लगाने की वजह से यह माना जा रहा है कि पार्टी अपना कार्यक्रम नहीं करेगी।