- हिंदू संस्कृति, परंपरा और एकात्मता में ही विश्व कल्याण का मार्ग निहित है : अम्बरीष जी
टीम एबीएन, रांची। विश्व हिंदू परिषद् के राष्ट्रव्यापी हितचिंतक अभियान के अंतर्गत झारखंड प्रांत के सभी जिलों एवं विभिन्न क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर अभियान चलाया जा रहा है। इस अवसर पर शहर के विभिन्न क्षेत्रों में विश्व हिंदू परिषद द्वारा हितचिंतक अभियान चलाया गया।
अभियान के तहत हटिया विधायक नवीन जायसवाल, भाजपा के वरिष्ठ नेता रमेश सिंह, शंकर दुबे, विभिन्न वार्डों के वार्ड पार्षदों, समाजसेवियों एवं विभिन्न राजनीतिक दलों से जुड़े गणमान्य लोगों को विश्व हिंदू परिषद का हितचिंतक बनाया गया।
अभियान के दौरान सभी लोगों ने संगठन के उद्देश्यों एवं विचारों के प्रति अपनी सहमति व्यक्त करते हुए हितचिंतक अभियान से जुड़कर सहयोग प्रदान किया। इसी क्रम में रविवार को राँची स्थित होटल ग्रीन होराइजन, स्टेशन रोड में अधिवक्ताओं के लिए एक विशेष हितचिंतक सम्मेलन का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विश्व हिंदू परिषद् के केंद्रीय मंत्री अम्बरीष जी ने कहा कि हिंदू संस्कृति और जीवन दर्शन में संपूर्ण विश्व के कल्याण की भावना निहित है। हिंदू परंपरा सदैव सभी मत-पंथों, विचारों एवं विविधताओं के प्रति सम्मान और सह-अस्तित्व का संदेश देती रही है। उन्होंने कहा कि आज विश्व में हिंदू समाज की सांस्कृतिक एकता और उसकी बढ़ती सामाजिक चेतना को लेकर चर्चा हो रही है।
अम्बरीष जी ने कहा कि भारत विविधताओं से परिपूर्ण देश है, जहाँ भाषा, वेशभूषा, खान-पान और पूजा-पद्धतियों में अनेक भिन्नताएँ होने के बावजूद हिंदू समाज सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक सूत्रों से एक-दूसरे से जुड़ा हुआ है। उन्होंने कहा कि चार धाम यात्रा, शक्तिपीठों की परंपरा, पूजा-पद्धतियाँ, पुरोहित परंपरा एवं गौ-संस्कृति जैसे अनेक धार्मिक और सांस्कृतिक आधारों ने हिंदू समाज को एक सूत्र में बाँधकर रखा है।
उन्होंने आगे कहा कि हिंदू समाज की इस सांस्कृतिक एकता को बनाए रखना समय की आवश्यकता है। इसके लिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति को अपने व्यवहार, विचार और आचरण में हिंदुत्व के मूल्यों को आत्मसात करना होगा। समाज के सभी वर्गों के बीच आपसी संपर्क, संवाद, समरसता और सहभागिता को बढ़ाना आवश्यक है। उन्होंने हितचिंतक अभियान को इसी उद्देश्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया।
कार्यक्रम में विहिप पटना एवं गुवाहाटी क्षेत्र के धर्माचार्य प्रमुख वीरेन्द्र विमल, प्रांत अध्यक्ष चंद्रकांत रायपत, झारखंड प्रांत मंत्री मिथिलेश्वर मिश्र, प्रांत उपाध्यक्ष गंगा प्रसाद यादव, प्रांत संगठन मंत्री चितरंजन कुमार, प्रांत सह मंत्री मनोज पोद्दार ,बजरंग दल प्रांत संयोजक रंगनाथ महतो, मातृशक्ति प्रमुख अनिमा पांडेय, दुर्गा वाहिनी संयोजिका कीर्ति गौरव, प्रांत विशेष संपर्क सह प्रमुख प्रिंस आजमानी, एस डी सिंह,अमर प्रसाद, कैलाश केसरी, राजेश अग्रवाल, अधिवक्ता अजीत कुमार, जगदीश पाण्डे,बबलू सिंह, नेहा शर्मा,अधिवक्ता शाश्वत सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं गणमान्य लोग उपस्थित थे। उक्त जानकारी विश्व हिंदू परिषद्, झारखंड के प्रांत प्रचार प्रमुख प्रकाश रंजन (9334433338) ने दी।