- धनबाद : बरोरा में अवैध कोयला कारोबार पर CISF का शिकंजा, दो अवैध खदानों के मुहाने भरवाये
- गुप्त सूचना पर CISF की कार्रवाई,
लंबे समय से खनन कर बाहर की मंडियों में भेजा जा रहा था अवैध कोयला
एबीएन न्यूज नेटवर्क, धनबाद। बरोरा थाना क्षेत्र में अवैध कोयला खनन और कारोबार का मामला सामने आया है। बताया जाता है कि क्षेत्र में लंबे समय से अवैध रूप से कोयला निकालकर बाहर की मंडियों में भेजा जा रहा था। इसकी गुप्त सूचना मिलने के बाद CISF ने बरोरा एरिया-01 में कार्रवाई करते हुए दो अवैध खनन स्थलों के मुहानों की भराई कराई।
CISF कंपनी कमांडर के नेतृत्व में चलाए गए अभियान के दौरान पहला अवैध मुहाना फुलवारी ताड़ नमक फैक्ट्री के समीप, जबकि दूसरा गणेशपुर मंडरा बस्ती के नजदीक जंगल में चिह्नित किया गया। दोनों मुहानों की भराई कर उन्हें बंद कराया गया। स्थानीय स्तर पर अवैध कोयला खनन के जरिए कोयला निकालकर बाहर की मंडियों तक पहुंचाए जाने की बात सामने आई है।
CISF को मिली गुप्त सूचना के आधार पर की गई इस कार्रवाई से अवैध कोयला कारोबार पर अंकुश लगाने की कोशिश की गई है। हालांकि, इस कारोबार में कौन-कौन लोग शामिल थे और कोयले की आपूर्ति किन मंडियों में की जा रही थी, इसकी जानकारी सामने आना बाकी है।