Breaking
ताज़ा समाचार लोड हो रहा है...
लाइव: 24
होम ई-पेपर देश झारखंड खेल समाचार राज काज कानून व्यवस्था करियर बिजनेस वर्ल्ड हेल्थ विचार ज्ञान विज्ञान समाज वन और पर्यावरण मनोरंजन बिहार विज्ञापन
झारखंड

मयूरहंड : पूर्व विधायक की मांग पर वर्तमान विधायक ने स्वीकृत कराया बड़ाकर नदी पर पुल

शेयर करें: WhatsApp Facebook X Back to ePaper
मयूरहंड : पूर्व विधायक की मांग पर वर्तमान विधायक ने स्वीकृत कराया बड़ाकर नदी पर पुल
विज्ञापन

मयूरहंड के फुलांग पंचायत में 89.48 मीटर लंबे पुल का होगा निर्माण, 4.51 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत  

एबीएन न्यूज नेटवर्क, मयूरहंड (चतरा)। सिमरिया विधानसभा क्षेत्र में विकास को एक और गति मिलने जा रही है। प्रखंड के फुलांग पंचायत में बड़ाकर नदी पर पुल निर्माण की स्वीकृति मिली है। विधायक कुमार उज्ज्वल दास ने बताया कि मुख्यमंत्री ग्राम सेतु योजना वित्तीय वर्ष 2026-27 के तहत 89.48 मीटर लंबे इस पुल का निर्माण कराया जायेगा। इसके लिए 4 करोड़ 51 लाख 43 हजार 500 रुपये की राशि स्वीकृत की गयी है। 

इस पुल की स्वीकृति को लेकर बरही के पूर्व विधायक बाबू निरंजन प्रसाद सिंह लगातार मांग उठा रहे थे। उनकी इस मांग को आगे बढ़ाते हुए सिमरिया विधायक ने पुल निर्माण की अनुशंसा की थी। विधायक की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, उनकी अनुशंसा पर ही इस महत्वपूर्ण योजना को स्वीकृति मिली है। वहीं प्रस्तावित पुल का निर्माण गौरक्षणी से गौरियाकरमा जाने वाले मार्ग पर बड़ाकर नदी में कराया जायेगा। 

बरसात के दिनों में नदी में पानी बढ़ने से आसपास के ग्रामीणों को आवागमन में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। पुल नहीं होने के कारण लोगों को नदी पार करने में कठिनाई होती है। विशेषकर विद्यार्थियों, मरीजों और किसानों को परेशानी झेलनी पड़ती है। पुल निर्माण पूरा होने के बाद गौरक्षणी, गौरियाकरमा सहित आसपास के गांवों के लोगों को आवागमन में काफी सहूलियत होगी। 

ग्रामीणों को प्रखंड मुख्यालय और अन्य जरूरी स्थानों तक पहुंचने में सुविधा मिलेगी। इसके अलावा शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, व्यापार और स्थानीय आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। विधायक ने कहा कि सिमरिया विधानसभा क्षेत्र का सर्वांगीण विकास उनकी प्राथमिकता और संकल्प है। क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने के लिए लगातार प्रयास किये जा रहे हैं। 

वहीं, पूर्व विधायक बाबू निरंजन प्रसाद सिंह की ओर से लंबे समय से उठायी जा रही मांग के पूरा होने से क्षेत्र के ग्रामीणों में भी उम्मीद जगी है। इस पुल की स्वीकृति को मयूरहंड प्रखंड के ग्रामीण इलाकों में सड़क और पुल-पुलिया जैसी बुनियादी सुविधाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। अब ग्रामीणों को निर्माण कार्य शुरू होने और जल्द पूरा होने का इंतजार है।

विज्ञापन