एबीएन न्यूज नेटवर्क, चतरा। आज झारखंड विधान सभा में सरकार द्वारा एमएडीआर (संशोधन) अधिनियम, 2026 के विरुद्ध राजकीय संकल्प लाया गया। चतरा के विधायक जनार्दन पासवान ने इस संकल्प का विरोध किया और अपनी असहमति सदन के पटल पर दर्ज करायी।
उन्होंने कहा- मैं स्पष्ट करना चाहता हंू कि मेरा विरोध केंद्र या राज्य सरकार के विरुद्ध नहीं है। मेरा विरोध इस सोच के विरुद्ध है कि झारखंड का विकास केवल टैक्स और सेस बढ़ाने से होगा।
क्या कहते हैं तथ्य
- पैसा राज्यों को ही मिलता है : खनन से होने वाली आय का लगभग 90% हिस्सा राज्यों को ही जाता है, केंद्र को नहीं। एफ16 से एफ26 के बीच राज्यों को लगभग 5 लाख करोड़ मिले, जबकि केंद्र को मात्र 82,000 करोड़।
- हम पीछे क्यों हैं : ओडिशा को खनन से 38,338 करोड़ मिलते हैं, झारखंड को मात्र 3,202 करोड़। ओडिशा हमसे 12 गुना आगे है। 2014 में हम कर्नाटक से आगे थे, आज कर्नाटक हमसे 2 गुना आगे निकल गया है। कमी कानून में नहीं है, कमी हमारी नीति और उत्पादन में है।
- 67 खदानें बंद हैं : आज राज्य में 67 खदानें बंद पड़ी हैं। हम अपने आयरन ओर का मात्र 0.4% ही निकाल पाते हैं। 37 कोल ब्लॉक में से मात्र 0.35 एमटी कोयला निकला है। सीएजी के अनुसार 292 में से मात्र 11 बंद पड़े कोल ब्लॉक ही नीलाम हो पाये।
- डीएमएफ का 19,000 करोड़ कहां है : खनन प्रभावित क्षेत्रों के विकास के लिए डीएमएफ का लगभग 19,000 करोड़ जमा है। पहले इस राशि का हिसाब दीजिये। खनन प्रभावित गांव में स्कूल, अस्पताल, सड़क क्यों नहीं बनी? नया सेस लेने से पहले पुराने पैसे का उपयोग क्यों नहीं हुआ?
- सुप्रीम कोर्ट का फैसला : सुप्रीम कोर्ट ने एमएडीए बनाम एसएआईएल मामले में राज्यों को अधिकार दिया था, लेकिन साथ ही संसद को सीमा तय करने का अधिकार भी माना था। सरकार ने फैसला आधा पढ़ा है।
मेरी मांग
- मैं सरकार से मांग करता हूं कि बंद खदानें चालू कराये, डीएमएफ की राशि को खर्च करे, नीलामी की प्रक्रिया को सरल बनाए और खनन नीति को स्पष्ट करे।
- झारखंड के मजदूर, आदिवासी भाई और खनन प्रभावित परिवारों को संकल्प नहीं चाहिए, उनको काम चाहिए, रोजगार चाहिए और विकास चाहिए। इसीलिए मैंने इस संकल्प का विरोध किया है।