पूर्व राज्यसभा सांसद धीरज प्रसाद साहू ने लिया हिस्सा
टीम एबीएन, रांची। झारखंड की राजधानी रांची में कांग्रेस पार्टी की ओर से आयोजित संविधान रक्षा मार्च में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व राज्यसभा सांसद धीरज प्रसाद साहू शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ मार्च में भाग लेकर संविधान, लोकतांत्रिक मूल्यों और नागरिकों के अधिकारों की रक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जाहिर की।
संविधान रक्षा मार्च के माध्यम से कांग्रेस ने देश के संविधान की मूल भावना, लोकतांत्रिक संस्थाओं की स्वतंत्रता और आम नागरिकों के मौलिक अधिकारों की रक्षा का संदेश दिया। मार्च में बड़ी संख्या में कांग्रेस के नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए। सभी ने एकजुट होकर संविधान की गरिमा बनाये रखने और लोकतंत्र को मजबूत करने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर धीरज प्रसाद साहू ने कहा कि भारतीय संविधान देश की आत्मा है। यह केवल एक दस्तावेज नहीं, बल्कि देश के प्रत्येक नागरिक को समानता, स्वतंत्रता, न्याय और सम्मान के साथ जीने का अधिकार देने वाला हमारा सबसे बड़ा मार्गदर्शक है। संविधान ने देश के सभी वर्गों, धर्मों और समुदायों को समान अधिकार प्रदान किये हैं। इसकी रक्षा करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती तभी संभव है, जब संविधान में निहित मूल्यों और अधिकारों का सम्मान किया जाये। आज जरूरत है कि देश का प्रत्येक नागरिक संविधान के प्रति जागरूक रहे और लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने में अपनी भूमिका निभाये।
धीरज प्रसाद साहू ने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा संविधान, लोकतंत्र, सामाजिक न्याय और आम जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष करती रही है और आगे भी इस दिशा में अपनी आवाज बुलंद करती रहेगी। संविधान रक्षा मार्च ने पार्टी कार्यकर्ताओं में नया उत्साह और एकजुटता का संदेश दिया।