- दुख की घड़ी में जय श्रीराम समिति ने परिजनों से की मुलाकात, हर संभव सहयोग का दिया भरोसा
एबीएन न्यूज नेटवर्क, लोहरदगा। हेसापीढ़ी निवासी लाल कृष्ण नाथ शाहदेव एवं नदिया निवासी सचिता साहू के आकस्मिक निधन की सूचना मिलने पर जय श्रीराम समिति, जिला लोहरदगा के जिलाध्यक्ष बजरंग करूवा के नेतृत्व में समिति के जिला संरक्षक, जिला एवं पंचायत पदाधिकारी उनके आवास पहुंचे। समिति के पदाधिकारियों ने शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर गहरी संवेदना व्यक्त की तथा उन्हें इस कठिन समय में धैर्य और हिम्मत बनाए रखने की सलाह दी।
इस अवसर पर जिला अध्यक्ष बजरंग करूवा ने कहा कि समिति के सदस्यों एवं समाज के लोगों के सुख-दुख में साथ खड़ा रहना हमारी पहली प्राथमिकता है। दुख की इस घड़ी में जय श्रीराम समिति शोकाकुल परिवारों के साथ मजबूती से खड़ी है।
समिति हमेशा अपने सदस्यों एवं समाज के लोगों को हर संभव सहयोग देने के लिए तत्पर रहती है। उन्होंने कहा कि किसी अपने को खोने का दुख अपूरणीय होता है। ऐसे समय में परिवार को संबल देना और उनके साथ खड़ा रहना हम सभी का सामाजिक दायित्व है।
इस मौके पर जिला संरक्षक लक्ष्मी भगत, अजय सोनी, जिला अध्यक्ष बजरंग करूवा, प्रकाश साहू, रौशन लाल नाथ शाहदेव, सागर साहू, कुटमू पंचायत अध्यक्ष अमित सिंह, आशीष कुमार, छेदी सिंह, रोहित साहू समेत समिति के अन्य सदस्य एवं गणमान्य लोग उपस्थित थे।