दुमका : अज्ञात अपराधियों ने डीलर को पीट-पीटकर मार डाला
ABN Bureau• 23 Jan, 2022
1 Views
विज्ञापन
टीम एबीएन, दुमका। दुमका जिले के हंसडीहा थाना क्षेत्र के धनवे गांव में एक जन वितरण प्रणाली (पीडीएस) दुकान के संचालक की अज्ञात अपराधियों ने पीट-पीटकर हत्या कर दी। पुलिस ने गुरूवार को बताया कि दुमका जिले के हंसडीहा थाना क्षेत्र के धनवे गांव से जनवितरण प्रणाली दुकानदार अशोक कुमार मंडल कल बुधवार की देर शाम अपनी पीडीएस की दुकान बंद कर घर लौट रहा था। इस बीच अज्ञात अपराधियों ने उसकी जमकर पिटाई कर बुरी तरह जख्मी कर दिया। स्थानीय लोगों ने अशोक की घायलावस्था में सड़क के किनारे होने की सूचना दी। सूचना मिलते ही दुकानदार के परिजन पहले इलाज के लिए पहले उसे निकट के सरैयाहाट सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए लेकिन हालत में सुधार नहीं होने पर उसे गोड्डा जिले के एक निजी अस्पताल में ले जाया गया। इलाज के दौरान अशोक की आज सुबह उसकी मौत हो गई। मामले की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमाटर्म के लिए दुमका फूलो-झानो मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया गया है।