1921 में उत्पादन शुरू करने वाली ऐतिहासिक इकाई तीन दशक से बंद; हजारों परिवारों की आजीविका छिनी
औद्योगिक क्षेत्र विकसित करने का सरकारी प्रस्ताव भी जमीन पर नहीं उतरा
एबीएन न्यूज नेटवर्क, जपला (पलामू)। कभी जिस जपला सीमेंट फैक्ट्री की चिमनियों से उठता धुआं पलामू की औद्योगिक पहचान का प्रतीक था, आज वहां खामोशी और वीरानी है। एक सदी से अधिक पुरानी इस औद्योगिक इकाई ने न केवल देश के शुरुआती सीमेंट उद्योगों में अपनी जगह बनाई थी, बल्कि पलामू और आसपास के इलाकों में रोजगार, व्यापार और आर्थिक गतिविधियों का एक व्यापक तंत्र भी विकसित किया था। 16 मार्च 1921 को उत्पादन शुरू करने वाली यह फैक्ट्री दशकों तक हजारों परिवारों की आजीविका का आधार बनी रही।
लेकिन 29 मई 1992 को उत्पादन बंद होने के बाद इसकी वापसी की उम्मीदें लगातार कमजोर होती गईं। तीन दशक से अधिक समय बीतने के बावजूद न तो फैक्ट्री का पुनरुद्धार हो सका और न ही इसकी जमीन पर कोई वैकल्पिक औद्योगिक व्यवस्था विकसित की जा सकी। अब इसकी 81.04 एकड़ जमीन की नीलामी प्रक्रिया ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि क्या पलामू की एक ऐतिहासिक औद्योगिक विरासत का भविष्य केवल परिसंपत्तियों की बिक्री और कर्ज की वसूली तक सीमित रह जाएगा?
1921 में शुरू हुआ था उत्पादन, देश की शुरुआती सीमेंट इकाइयों में थी पहचान
जपला सीमेंट फैक्ट्री की स्थापना 1917 में सोन नदी के किनारे की गयी थी। इसका शुरूआती नाम सोन वैली पोर्टलैंड सीमेंट कंपनी था। यह देश के शुरूआती पोर्टलैंड सीमेंट संयंत्रों में शामिल थी। भारतीय सीमेंट उद्योग के शुरूआती दौर में इसकी भूमिका निर्विवाद रूप से महत्वपूर्ण रही। फैक्ट्री की स्थापना ने उस समय के अपेक्षाकृत पिछड़े पलामू क्षेत्र में औद्योगिक गतिविधियों की नयी शुरुआत की थी।
यहां सीमेंट उत्पादन के लिए आधुनिक मशीनरी, बिजली उत्पादन की व्यवस्था, कार्यशालाएं और परिवहन सुविधाएं विकसित की गयी थीं। सोन नदी के दूसरी ओर बिहार के रोहतास जिले के बौलिया क्षेत्र से चूना पत्थर लाने के लिए रोपवे की व्यवस्था भी की गयी थी। यह संयंत्र अपने समय की औद्योगिक तकनीक और परिवहन व्यवस्था का उल्लेखनीय उदाहरण था।
हजारों परिवारों की आजीविका का केंद्र थी फैक्ट्री
फैक्ट्री का प्रभाव केवल उत्पादन और व्यापार तक सीमित नहीं था। इसके साथ हजारों लोगों का रोजगार जुड़ा हुआ था। स्थायी कर्मचारियों के अलावा ठेका श्रमिक, खदानों में काम करने वाले मजदूर, परिवहन संचालक, छोटे व्यापारी और सेवा क्षेत्र के लोग भी इससे लाभान्वित होते थे। 2009 की एक मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, फैक्ट्री में लगभग 1,400 स्थायी कर्मचारी और करीब 4,000 अस्थायी श्रमिक काम करते थे।
रोहतास की खदानों में भी बड़ी संख्या में लोग इससे जुड़े थे। कर्मचारियों और उनके परिवारों की नियमित आमदनी से जपला का बाजार फलता-फूलता था। आसपास के गांवों में भी आर्थिक गतिविधियां बढ़ी थीं। फैक्ट्री ने एक ऐसे औद्योगिक सामाजिक ढांचे को जन्म दिया था, जिसमें रोजगार, आवास, बाजार, परिवहन और स्थानीय सेवाएं एक-दूसरे से जुड़ी हुई थीं।
प्रबंधन और वित्तीय संकट ने पहुंचाया बंदी के कगार पर
प्रबंधन और वित्तीय संकट ने धीरे-धीरे इस औद्योगिक इकाई को कमजोर कर दिया। 1984 में फैक्ट्री सिन्हा समूह के नियंत्रण में आई। इसके बाद वित्तीय और संचालन संबंधी समस्याएं बढ़ती गयीं। 1985 में तालाबंदी की स्थिति बनी। आर्थिक पुनर्गठन और सहायता के प्रयासों के बाद जनवरी 1991 में उत्पादन फिर शुरू हुआ, लेकिन यह राहत स्थायी साबित नहीं हुई। 29 मई 1992 को फैक्ट्री में दोबारा उत्पादन बंद हो गया।
इसके बाद मशीनें, भवन और अन्य औद्योगिक परिसंपत्तियां धीरे-धीरे अनुपयोगी होती चली गयी। कर्मचारियों के वेतन, ग्रेच्युटी, भविष्य निधि और अन्य वैधानिक देनदारियों को लेकर भी विवाद बने रहे। कई पूर्व कर्मचारियों ने वर्षों तक अपने बकाये के भुगतान की प्रतीक्षा की। रोजगार समाप्त होने के साथ स्थानीय बाजार की गतिविधियां भी प्रभावित हुईं और नयी पीढ़ी के सामने पलायन के अलावा सीमित विकल्प बचे।
संसद से लेकर जनप्रतिनिधियों तक उठता रहा पुनरुद्धार का मुद्दा
फैक्ट्री के बंद होने के बाद सबसे बड़ा सवाल यह था कि क्या सरकार इस औद्योगिक संपत्ति को किसी नए निवेशक के माध्यम से फिर से उपयोग में लायेगी। इस दिशा में घोषणाएं और प्रयास तो हुए, लेकिन परिणाम सामने नहीं आया। 2015 में लोकसभा में जपला फैक्ट्री को दोबारा खोलने का मुद्दा उठाया गया था। संसद में यह भी कहा गया कि फैक्ट्री बंद होने से हजारों श्रमिक बेरोजगार हुए और कई परिवारों को पलायन करना पड़ा। बाद के वर्षों में भी जनप्रतिनिधियों ने इसके पुनरुद्धार की मांग उठाई लेकिन बेनतीजा रही।
नरेंद्र मोदी और राजनाथ सिंह ने भी किया था फैक्ट्री खुलवाने का वादा
जपला सीमेंट फैक्ट्री का पुनरुद्धार केवल सरकारी फाइलों और प्रशासनिक बैठकों तक सीमित मुद्दा नहीं रहा, बल्कि पिछले एक दशक में यह चुनावी राजनीति का भी प्रमुख विषय बना। वर्ष 2014 के लोकसभा चुनाव अभियान के दौरान देश के वर्तमान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मेदिनीनगर में आयोजित चुनावी सभा में जपला सीमेंट फैक्ट्री को फिर से चालू कराने का वादा किया था। उस समय वे भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार थे। उन्होंने अपने चुनावी भाषण में यहां के लोगों को भरोसा दिलाया था कि केंद्र में भाजपा की सरकार बनने पर फैक्ट्री के पुनरुद्धार को प्राथमिकता दी जायेगी।
इसी चुनावी दौर में भाजपा के वरिष्ठ नेता राजनाथ सिंह ने भी हुसैनाबाद और हैदरनगर में चुनाव प्रचार के दौरान झारखंड में भाजपा की सरकार बनने पर जपला सीमेंट फैक्ट्री को खुलवाने का आश्वासन दिया था। इन घोषणाओं से क्षेत्र के लोगों और फैक्ट्री के पूर्व कर्मचारियों में एक बार फिर उम्मीद जगी थी कि वर्षों से बंद पड़ी औद्योगिक इकाई को नया जीवन मिल सकता है। लेकिन चुनावी आश्वासनों के बाद भी फैक्ट्री का उत्पादन शुरू नहीं हुआ।
मुख्यमंत्री रघुवर दास ने भी जतायी थी पुनर्जीवित करने की उम्मीद
वर्ष 2017 में तत्कालीन मुख्यमंत्री रघुवर दास ने भी जपला सीमेंट फैक्ट्री को पुनर्जीवित करने की संभावना जतायी थी। उन्होंने सार्वजनिक रूप से कहा था कि सेल की चूना पत्थर खदानों से कच्चा माल उपलब्ध कराने के लिए बातचीत अंतिम चरण में है और फैक्ट्री दोबारा शुरू होने से हजारों लोगों को रोजगार मिल सकता है। इसके बाद 2018 में राज्य सरकार ने फैक्ट्री की जमीन को औद्योगिक क्षेत्र के रूप में विकसित करने के लिए पहल की।
केंद्र सरकार ने 24 जुलाई 2019 को लोकसभा में दिये गये आधिकारिक जवाब में भी स्वीकार किया कि झारखंड सरकार ने 28 अगस्त 2018 को फैक्ट्री की 137.99 बीघा लीजहोल्ड भूमि को औद्योगिक क्षेत्र के विकास के लिए हस्तांतरित करने का अनुरोध किया था। यानी फैक्ट्री को फिर से चलाने से लेकर उसकी जमीन पर नया औद्योगिक क्षेत्र विकसित करने तक के प्रस्ताव सरकारों के स्तर पर सामने आते रहे, लेकिन इन पहलों का कोई ठोस परिणाम स्थानीय लोगों को नहीं मिला।
चुनावी वादों और सरकारी घोषणाओं के बीच औद्योगिक पहचान हुई खत्म
इस पूरे घटनाक्रम में सबसे बड़ा विरोधाभास यही है कि जिस फैक्ट्री को चालू कराने का आश्वासन प्रधानमंत्री और केंद्रीय गृह मंत्री जैसे शीर्ष नेताओं ने चुनावी मंचों से दिया, उसी फैक्ट्री की जमीन और परिसंपत्तियां अंतत: परिसमापन और नीलामी की प्रक्रिया तक पहुंच गयीं। चुनावों के समय रोजगार और औद्योगिक विकास का भरोसा देने वाले नेताओं के आश्वासन के बाद भी पलामू को कोई वैकल्पिक औद्योगिक परियोजना नहीं मिली।
यह सवाल केवल भाजपा या किसी एक सरकार तक सीमित नहीं है; राज्य और केंद्र में अलग-अलग समय पर सत्ता में रही सरकारों की जवाबदेही का भी विषय है। फैक्ट्री के पुनरुद्धार की घोषणा, निवेशकों से बातचीत और जमीन को औद्योगिक क्षेत्र बनाने के प्रस्ताव के बीच वर्षों का अंतराल बताता है कि राजनीतिक इच्छाशक्ति को ठोस प्रशासनिक कार्ययोजना में बदलने में निरंतरता नहीं रही।
2018 में औद्योगिक क्षेत्र बनाने का प्रस्ताव, 2019 में केंद्र ने भी की पुष्टि
सरकार की उदासीनता का सबसे स्पष्ट उदाहरण 2018 और 2019 के सरकारी रिकॉर्ड में दिखायी देता है। सितंबर 2018 में यह खबर सामने आयी थी कि झारखंड सरकार फैक्ट्री की जमीन खरीदकर वहां औद्योगिक क्षेत्र विकसित करना चाहती है। उस समय बताया गया था कि इस प्रस्ताव से पांच हजार से अधिक लोगों के लिए रोजगार के अवसर पैदा हो सकते हैं। राज्य सरकार ने पटना उच्च न्यायालय द्वारा नियुक्त आधिकारिक परिसमापक को इस संबंध में प्रस्ताव भी भेजा था।
इसके बाद 24 जुलाई 2019 को केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय ने लोकसभा में दिए गए उत्तर में पुष्टि की कि झारखंड सरकार ने 28 अगस्त 2018 को फैक्ट्री की 137.99 बीघा लीजहोल्ड भूमि औद्योगिक क्षेत्र के विकास के लिए हस्तांतरित करने का अनुरोध किया था। केंद्र के उसी उत्तर में यह भी बताया गया कि एसीसी, अल्ट्राटेक, डालमिया सीमेंट, श्री सीमेंट और स्टार सीमेंट जैसी कंपनियों के साथ फैक्ट्री को पुनर्जीवित करने के प्रयास किये गये, लेकिन कोई कंपनी इसे खरीदने या संचालित करने के लिए तैयार नहीं हुई।
औद्योगिक क्षेत्र विकसित करने का प्रस्ताव आखिर क्यों नहीं उतरा जमीन पर?
यहां सबसे महत्वपूर्ण सवाल यह है कि 2018 में औद्योगिक क्षेत्र विकसित करने का प्रस्ताव देने के बाद राज्य सरकार ने उसे आगे बढ़ाने के लिए क्या ठोस कदम उठाए? क्या भूमि हस्तांतरण की प्रक्रिया पर नियमित निगरानी हुई? क्या औद्योगिक विकास के लिए विस्तृत परियोजना रिपोर्ट तैयार की गयी? क्या संभावित निवेशकों को आमंत्रित किया गया? क्या स्थानीय और राष्ट्रीय उद्योग समूहों के साथ नये सिरे से बातचीत हुई?
उपलब्ध सार्वजनिक रिकॉर्ड में इन सवालों के जवाब देने वाली कोई स्पष्ट, समयबद्ध और परिणामोन्मुख योजना सामने नहीं आती। एक दशक से अधिक समय तक पुनरुद्धार की उम्मीदों के बावजूद क्षेत्र में नयी औद्योगिक इकाई स्थापित नहीं होना प्रशासनिक प्राथमिकताओं पर गंभीर सवाल खड़ा करता है। केवल निवेशकों से बातचीत करने या जमीन के औद्योगिक उपयोग का प्रस्ताव भेजने से विकास नहीं होता; उसके लिए भूमि, आधारभूत संरचना, वित्त, निवेश प्रोत्साहन और प्रशासनिक समन्वय की ठोस व्यवस्था करनी पड़ती है।
81.04 एकड़ जमीन की नीलामी ने बढ़ायी चिंता, 35.05 करोड़ की लगी सर्वोच्च बोली
अब यह मामला एक नये कानूनी और आर्थिक मोड़ पर पहुंच गया है। पटना उच्च न्यायालय में लंबित कंपनी याचिका संख्या 5/1995 के तहत 8 अक्टूबर 2026 के आदेश के बाद फैक्ट्री की देवरी कला और कुसुआ मौजा स्थित 81.04 एकड़ जमीन की बिक्री के लिए 10 अक्टूबर को नोटिस प्रकाशित किया गया। संपत्ति का आरक्षित मूल्य 34.60 करोड़ रुपये निर्धारित किया गया था।
29 अक्टूबर को न्यायालय में हुई बोली प्रक्रिया में राजबली सिंह की ओर से भूमिवर्धन विहार साझेदारी फर्म के लिए 35.05 करोड़ रुपये की सर्वोच्च बोली लगायी गयी, जबकि दूसरे बोलीदाता ने 34.98 करोड़ रुपये की पेशकश की। न्यायालय ने सर्वोच्च बोली को अस्थायी रूप से स्वीकार करते हुए निर्धारित समय में भुगतान करने का निर्देश दिया।
नीलामी प्रक्रिया पर उठे सवाल, जिप सदस्य राजू मेहता ने मुख्यमंत्री को सौंपा ज्ञापन
अब नीलामी को लेकर स्थानीय स्तर पर पारदर्शिता और सार्वजनिक हित से जुड़े सवाल भी उठ रहे हैं। 21 नवंबर 2026 को हुसैनाबाद उत्तरी क्षेत्र जिला परिषद सदस्य राजू कुमार मेहता ने मुख्यमंत्री को ज्ञापन देकर नीलामी प्रक्रिया, भूमि के स्वामित्व, लीज की शर्तों और संपत्ति के मूल्यांकन की स्वतंत्र जांच कराने की मांग की है।
ज्ञापन में कहा गया है कि इतनी महत्वपूर्ण औद्योगिक संपत्ति की नीलामी का प्रचार-प्रसार व्यापक स्तर पर होना चाहिए था, ताकि अधिक से अधिक संभावित निवेशकों को भाग लेने का अवसर मिलता। पूर्व कर्मचारियों और श्रमिकों ने भी नीलामी प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए न्यायालय जाने की बात कही है। हालांकि इन आशंकाओं को नीलामी में अनियमितता का प्रमाण तो नहीं माना जा सकता, परंतु इनका निष्पक्ष परीक्षण पारदर्शिता और सार्वजनिक विश्वास के लिए जरूरी है।
सीमेंट उद्योग से लेकर औद्योगिक पार्क तक, जमीन पर विकास की संभावनाएं
क्षेत्र की जनता की माने तो जपला की जमीन का भविष्य केवल अतीत की फैक्ट्री को बचाने तक सीमित नहीं होना चाहिए था। पुरानी मशीनरी की नीलामी हो चुकी है, इसलिए उसी संयंत्र को पुराने स्वरूप में चालू करना व्यावहारिक रूप से कठिन हो गया है। लेकिन इसका अर्थ यह नहीं कि क्षेत्र की औद्योगिक संभावनाएं समाप्त हो गयी हैं।
जमीन और उपलब्ध आधारभूत संरचना का उपयोग नये उद्योगों के लिए किया जा सकता है। सीमेंट उद्योग से जुड़े निवेश की संभावना का फिर से आकलन किया जा सकता है, क्योंकि आसपास के क्षेत्रों में चूना पत्थर सहित खनिज संसाधनों की उपलब्धता, रेलवे संपर्क और सोन नदी के निकटता जैसे कारक औद्योगिक गतिविधियों के लिए उपयोगी हैं।
इसके अतिरिक्त इस भूमि पर बहुउद्देशीय औद्योगिक पार्क, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों का क्लस्टर, निर्माण सामग्री आधारित उद्योग, कृषि प्रसंस्करण इकाइयां, वेयरहाउसिंग और लॉजिस्टिक्स केंद्र विकसित किए जा सकते हैं। स्थानीय युवाओं के लिए कौशल प्रशिक्षण केंद्र, तकनीकी संस्थान और रोजगार सहायता केंद्र भी स्थापित किए जा सकते हैं।
यदि सरकार योजनाबद्ध तरीके से भूमि का उपयोग करती है तो एक बड़े उद्योग के बजाय कई छोटी और मध्यम इकाइयां भी स्थायी रोजगार का आधार बन सकती हैं। इससे स्थानीय उद्यमियों को अवसर मिलेगा और क्षेत्र की अर्थव्यवस्था एक ही उद्योग पर निर्भर रहने के बजाय विविधीकृत हो सकेगी।
जमीन के स्वामित्व और कानूनी स्थिति स्पष्ट करना सरकार के लिए जरूरी
इसके लिए सबसे पहले राज्य सरकार को जपला की भूमि और परिसंपत्तियों की कानूनी स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए। 2019 के सरकारी उत्तर में 137.99 बीघा लीजहोल्ड भूमि का उल्लेख है, जबकि 2026 की न्यायालयी नीलामी 81.04 एकड़ जमीन और अन्य परिसंपत्तियों से संबंधित है। प्रत्येक भूखंड के स्वामित्व, लीज, रकबे और हस्तांतरण की शर्तों का सत्यापन आवश्यक है। इसके बाद राज्य सरकार को औद्योगिक उपयोग की संभावनाओं पर विस्तृत व्यवहार्यता अध्ययन कराना चाहिए और निवेशकों के लिए पारदर्शी नीति तैयार करनी चाहिए।
पूर्व कर्मचारियों के बकाये और स्थानीय युवाओं के रोजगार का भी हो समाधान
पूर्व कर्मचारियों और श्रमिकों के बकाये का प्रश्न भी इस प्रक्रिया का अभिन्न हिस्सा है। जिन कर्मचारियों के वेतन, ग्रेच्युटी, भविष्य निधि, ईएसआई या अन्य वैधानिक दावे लंबित हैं, उनका सत्यापन कर कानूनी प्रावधानों के अनुसार समाधान जरूर किया जाना चाहिए। किसी भी नए निवेश या औद्योगिक परियोजना में स्थानीय युवाओं को प्रशिक्षण और रोजगार में प्राथमिकता देने की व्यवस्था होनी चाहिए। साथ ही पर्यावरणीय मानकों, जल संसाधनों और आसपास की आबादी के हितों की सुरक्षा भी सुनिश्चित करनी होगी।
औद्योगिक नीति और प्रशासनिक जवाबदेही की भी परीक्षा है जपला फैक्ट्री का मामला
जपला सीमेंट फैक्ट्री का मामला झारखंड की औद्योगिक नीति और क्षेत्रीय विकास की प्राथमिकताओं की भी परीक्षा है। जब राज्य सरकार एक ओर निवेश आकर्षित करने और रोजगार सृजन की बात करती है, वहीं दूसरी ओर दशकों से उपलब्ध एक ऐतिहासिक औद्योगिक संपत्ति का भविष्य अनिश्चित बना रहता है, तो यह नीतिगत निरंतरता और प्रशासनिक जवाबदेही पर सवाल खड़ा करता है। 2018 में औद्योगिक क्षेत्र विकसित करने का प्रस्ताव और 2019 में संसद में दी गई जानकारी के बाद भी यदि आज तक कोई ठोस परियोजना जमीन पर नहीं उतर सकी है, तो सरकार को इसका कारण सार्वजनिक करना चाहिए।
जपला को अब खोई हुई पहचान नहीं, नए उद्योग और रोजगार की जरूरत
जपला के बंद हो चुके कारखाने की कहानी केवल एक बंद कारखाने की कहानी भर नहीं है। यह उस क्षेत्र की कहानी है जिसने उद्योग के माध्यम से रोजगार, बाजार और आर्थिक पहचान हासिल की थी और फिर तीन दशक से अधिक समय तक सरकारी घोषणाओं तथा पुनरुद्धार की प्रतीक्षा में रहा। अब जमीन की नीलामी के बीच सरकार के सामने विकल्प स्पष्ट है- वह इस मामले को केवल परिसमापन और वित्तीय देनदारियों के निपटारे तक सीमित रहने दे, या न्यायिक प्रक्रिया का सम्मान करते हुए उपलब्ध कानूनी विकल्पों के भीतर पलामू के औद्योगिक भविष्य के लिए ठोस योजना तैयार करे। जपला को केवल उसकी खोई हुई फैक्ट्री की याद नहीं चाहिए; उसे नए उद्योग, स्थायी रोजगार और विकास का वास्तविक अवसर चाहिए। खबर प्राप्त जानकारी अनुसार है।