- रांची : धीरज साहू ने दिव्यांग बच्चों संग मनायी जन्मदिन की खुशियां, केक काटकर मनाया जन्मोत्सव
टीम एबीएन, रांची। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व राज्यसभा सांसद धीरज प्रसाद साहू जी के जन्मदिन के अवसर पर सेवा, संवेदना और मानवता की अनूठी मिसाल पेश की गई। जन्मदिन को केवल उत्सव तक सीमित न रखते हुए कांग्रेस नेताओं ने राजधानी राँची में दिव्यांग बच्चों के बीच पहुंचकर उनके साथ खुशियां साझा कीं और केक काटकर जन्मदिन मनाया।
इस अवसर पर कांग्रेस नेता एवं अधिवक्ता सचिदानंद चौधरी, झारखंड प्रदेश कांग्रेस ओबीसी (पिछड़ा) मोर्चा के अध्यक्ष निशांत जायसवाल तथा झारखंड प्रदेश युवा कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष कुलदीप कुमार रवि गुरुनानक होम फॉर हैंडीकैप्ड चिल्ड्रेन अस्पताल पहुंचे। यहां उन्होंने दिव्यांग बच्चों के बीच धीरज प्रसाद साहू का जन्मदिन मनाया। बच्चों के साथ मिलकर जन्मदिन का केक काटा गया। इसके बाद बच्चों के बीच फल, कोल्ड ड्रिंक सहित अन्य खाद्य सामग्री वितरित की गई।
बच्चों के चेहरों पर केक काटने और उपहार स्वरूप खाद्य सामग्री मिलने की खुशी देखते ही बन रही थी। कांग्रेस नेताओं ने बच्चों के साथ समय बिताया और उन्हें स्नेह एवं अपनत्व का एहसास कराया। इस दौरान अस्पताल परिसर का माहौल खुशियों और उत्साह से भर गया।
नेताओं ने कहा कि जन्मदिन जैसे विशेष अवसरों को जरूरतमंदों और समाज के वंचित वर्गों के बीच मनाने से खुशियां कई गुना बढ़ जाती हैं। किसी के चेहरे पर मुस्कान लाना और जरूरतमंदों के साथ खुशियां बांटना ही सच्ची मानवता है।
धीरज प्रसाद साहू के जन्मदिन पर दिव्यांग बच्चों के बीच आयोजित यह कार्यक्रम सामाजिक सरोकार और सेवा भावना का सुंदर संदेश दे गया।खुशियां बांटने से बढ़ती हैं, और किसी मासूम के चेहरे पर मुस्कान लाना ही जन्मदिन का सबसे खूबसूरत उपहार है।