बंद डेको माइंस में सीआईएसएफ की बड़ी कार्रवाई! करीब 10 टन कोयला जब्त, बाइक भी पकड़ी
एरिया कमांडर पुष्पेंद्र सिंह तंवर के नेतृत्व में चला अभियान, एरिया-04 और 05 के 50 जवानों ने की संयुक्त कार्रवाई
एबीएन न्यूज नेटवर्क, कतरास/धनबाद। बीसीसीएल के एरिया-04 कतरास अंतर्गत बंद डेको माइंस में कोयले के अवैध कारोबार के खिलाफ सीआईएसएफ ने बड़ी कार्रवाई की है। रविवार, 22 नवंबर 2026 को शाम 6 बजे से रात 9 बजे तक चलाये गये विशेष अभियान के दौरान सीआईएसएफ ने करीब 10 टन कोयला जब्त किया। यह कार्रवाई एरिया कमांडर एवं उप समादेष्टा पुष्पेंद्र सिंह तंवर के नेतृत्व में की गयी।
अभियान के दौरान कोयले के साथ एक काली हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल भी जब्त की गयी। बाइक पर नंबर प्लेट नहीं लगी थी और उसके इंजन एवं चेसिस नंबर भी अस्पष्ट पाये गये। इस संयुक्त कार्रवाई में सीआईएसएफ एरिया-04 और एरिया-05 के कुल 50 बल सदस्य शामिल रहे।