प्रेम, सद्भाव, सेवा और मानवता का संदेश देने वाला प्रकाश पर्व : संजय सर्राफ
एबीएन सोशल डेस्क। हिंदी साहित्य भारती के उपाध्यक्ष सह श्री कृष्ण प्रणामी सेवा धाम ट्रस्ट के प्रवक्ता संजय सर्राफ ने कहा है कि गुरु नानक देव जयंती सिख धर्म के संस्थापक एवं प्रथम गुरु श्री गुरु नानक देव जी के जन्मोत्सव के रूप में मनायी जाती है। इसे प्रकाश पर्व एवं गुरुपर्व के नाम से भी जाना जाता है।
यह पर्व प्रतिवर्ष कार्तिक मास की पूर्णिमा को श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया जाता है। इस वर्ष गुरु नानक देव जयंती 24 नवंबर दिन मंगलवार को 557 वां जयंती प्रकाश पर्व मनाया जायेगा। श्री गुरु नानक देव जी का जन्म 1469 ईस्वी में कार्तिक पूर्णिमा के दिन राय भोई की तलवंडी में हुआ था। जिसे आज पाकिस्तान में ननकाना साहिब के नाम से जाना जाता है। बचपन से ही नानक देव जी का झुकाव आध्यात्मिक चिंतन, ईश्वर भक्ति और मानव सेवा की ओर था।
वे सामाजिक कुरीतियों, जात-पात, ऊंच-नीच और धार्मिक भेदभाव के विरोधी थे। उन्होंने संपूर्ण मानव समाज को एक समान मानने का संदेश दिया। गुरु नानक देव जी की शिक्षाओं का मूल आधार तीन सिद्धांत हैं- नाम जपो, किरत करो और वंड छको। अर्थात ईश्वर का स्मरण करो, ईमानदारी से परिश्रम करके आजीविका कमाओ और अपनी कमाई में से जरूरतमंदों के साथ बांटकर खाओ।
उनका मानना था कि सच्ची भक्ति केवल पूजा-पाठ तक सीमित नहीं है, बल्कि दूसरों की सेवा करना और सभी के प्रति प्रेम एवं सम्मान रखना भी ईश्वर की सच्ची आराधना है। गुरु नानक देव जयंती पर देश-विदेश के गुरुद्वारों में विशेष धार्मिक आयोजन किये जाते हैं। अखंड पाठ साहिब, शबद-कीर्तन, अरदास और प्रभात फेरियां निकाली जाती हैं।
नगर कीर्तन में पंच प्यारे गुरु ग्रंथ साहिब की अगुवाई करते हैं। गुरुद्वारों को आकर्षक रोशनी और फूलों से सजाया जाता है। श्रद्धालु मत्था टेककर सुख-समृद्धि और विश्व कल्याण की कामना करते हैं। इस दिन लंगर का विशेष आयोजन होता है, जिसमें जाति, धर्म, भाषा और वर्ग का भेदभाव किये बिना सभी लोग एक साथ बैठकर भोजन करते हैं।
सेवा, स्वच्छता और जरूरतमंदों की सहायता के कार्यक्रम भी आयोजित किये जाते हैं। गुरु नानक देव जी की वाणी का संकलन सिख धर्म के पवित्र ग्रंथ श्री गुरु ग्रंथ साहिब में सुरक्षित है। उनकी शिक्षाएं आज भी संपूर्ण मानव समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं। इस पावन जयंती का मुख्य उद्देश्य समाज में प्रेम, भाईचारा, धार्मिक सद्भाव, समानता और मानव सेवा की भावना को मजबूत करना है।
वर्तमान समय में जब समाज अनेक प्रकार की चुनौतियों और भेदभाव से जूझ रहा है, तब गुरु नानक देव जी की शिक्षाएं और भी प्रासंगिक हो जाती हैं। उनका जीवन हमें सिखाता है कि मानवता से बड़ा कोई धर्म नहीं, सेवा से बड़ा कोई कर्म नहीं और सत्य से बड़ा कोई मार्ग नहीं। उनके आदर्शों को अपनाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।