एबीएन न्यूज नेटवर्क, धनबाद। दिनांक 22 नवंबर 2026 दिन रविवार 8 बजे पूर्वाह्न को संत अंथोनी चर्च, धनबाद से ख्रीस्त राजा पर्व के शुभ अवसर पर शहर के विभिन्न मार्गों पर भ्रमण करते हुए भव्य शोभा यात्रा निकाली गयी। भव्य शोभा यात्रा में संत अंथोनी चर्च, धनबाद में हजारों की संख्या में इसाई धर्मावलंबी उपस्थित थे।
भव्य शोभा यात्रा में सभी इसाई धर्मावलंबी धनबाद के मुख्य मार्ग में हाथों में ख्रीस्त हमारा राजा है, ईसा मसीह दिलों के राजा, ईसा मसीह शांति के दूत, धर्म सिखाता भ्रात प्रेम, नफरत नहीं के तख्ती लिये हुए, प्रार्थना करते हुए ख्रीस्त राजा की जय, ख्रीस्त हमारा राजा है का जय-जय कार करते हुए राजाओं का राजा है।
वो प्रभुओं का प्रभु है भक्ति पूर्वक गीत के साथ जुलूस के रूप में शामिल हुए। यह भव्य शोभा यात्रा धनबाद शहर के विभिन्न मार्गों हिल कॉलोनी रेलवे हॉस्पिटल होते हुए संत एंथोनी चर्च प्रांगण में समाप्त हुआ। जिसमें पारलौकिक राजत्व (सक्रामेंत) के आगे-आगे सफेद वस्त्र धारण किये बच्चे- बच्चियां मुख्य मार्ग में पुष्प वर्षा कर रहे थे।
भव्य शोभायात्रा से पूर्व फादर अमातुस द्वारा पारलौकिक राजत्व की आशीष की गयी। इसाई धर्मावलंबियों के अनुसार ईसा मसीह को स्वर्ग और पृथ्वी दोनों का राजा माना गया है। फादर अजय टिडू ने अपने उपदेश में कहा कि आज के दिन हमें अपने आप से एक सवाल पूछने की आवश्यकता है कि हमारा राजा कौन है और कौन है वह जो हमारे दिलों पर राज करता है कौन है जो हमारे जीवन को संचालित करता है।
आज हम अपनी कृतज्ञता प्रकट करते हैं उस राजाओं के राजा के प्रति जो हमारा मुक्तिप्रदाता है। ख्रीस्त राजा पर्व जब शुरू किया गया तब एक ऐतिहासिक पल को याद करते हैं जब ख्रीस्त राजा का पर्व का एक विशेष मकसद था। उन्होंने कहा कि जब विश्व युद्ध समाप्त हुआ तब राजनीतिक उथल-पुथल थी तथा लोगों के बीच यह सबसे बड़ा प्रश्न था कि कौन बड़ा अथवा महान है।
यह सवाल आज भी वही है कि धर्म और राजनीति में कौन बड़ा है। उन दिनों लोगों के बीच यह धारणा थी कि ख्रीस्त सिर्फ गिरजाघर तक ही सीमित है। लोगों के इस विचार को बदलने के लिए सन 1925 में उसे वक्त के संत पापा पीयूष 11वें ने यह घोषणा की एक आध्यात्मिक अथॉरिटी को लाने के लिए ख्रीस्त राजा का पर्व सिर्फ चर्च में नहीं बल्कि व्यापक रूप में पूरे समुदाय के साथ मनाया जायेगा।
आज इसी बात की घोषणा हम पूरे जोश के साथ करते हैं कि ख्रीस्त हमारा राजा है और यह कोई ऐसा वैसा राजा नहीं है बल्कि जिसने हमें अर्थात अपनी प्रजा को एक अलग पहचान एवं सुरक्षा दी है। हमारे एक पल का अंगीकार हमें हमारे सारे पापों से मुक्त कर देता है और हम स्वत ही स्वर्ग राज के अधिकारी बन जाते हैं। जिस पल से हम इस बात को स्वीकार करते हैं कि ख्रीस्त हमारा राजा है हम हर गलत बात से अपने आप को दूर कर लेते हैं और अपनी एक अलग पहचान बनाते हैं।
इसी के साथ हम इस बात को भी साबित करते हैं कि हम ख्रीस्त राजा की प्रजा है। इसलिए आज हमें यह नारा लगाते हुए सबको बताना है कि हम भी अपने राजा प्रभु यीशु मसीह के समान एक दूसरे को प्यार करेंगे। आज की भाग दौड़ भरी जिंदगी में जहां लोग अपने अधिकार और सम्मान के लिए लड़ाई करते रहते हैं। वहीं हमें चाहिए कि हम अपने ख्रीस्त राजा के समान उदार, विनम्र और दूसरों को माफ करने वाले बने।
संत अंथोनी चर्च, धनबाद के प्रमुख फादर अमातुस कुजूर के नेतृत्व में जूलुस को सफल बनाने में प्रवीण कुमार लोंगा, मनोज लौरंगा, शिशिर प्रभात तिर्की, इतवा टूटी, चेतन किंडो, जॉन कैंप आदि का महत्वपूर्ण योगदान रहा। इस भव्य जुलूस में भक्ति पूर्ण एवं मधुर गीतों को शांति सोये, रिशु सुरीन, खुशबू राखी आदि के नेतृत्व में संवारा गया। अंत में फादर अमातुस कुजूर ने धन्यवाद ज्ञापन किया।