बांदा में बाल विवाह की दो कोशिशें नाकाम
एबीएन सेंट्रल डेस्क। उत्तर प्रदेश के बांदा जिले में दो नाबालिग बच्चियों की जिंदगी का एक बड़ा फैसला उनकी उम्र और मर्जी को दरकिनार कर लिया गया था। दोनों की शादी की तैयारियां शुरू हो चुकी थीं। जैसे ही सूचना मिली ग्रामीण परंपरा विकास संस्थान की सतर्कता और पुलिस-प्रशासन की तत्परता से दोनों बच्चियों को बाल विवाह का शिकार होने से बचा लिया गया।
15 और 16 साल की इन बच्चियों की शादी समय रहते रुकवा दी गयी। बांदा में इन दिनों सरकार के साथ मिलकर ग्रामीण परंपरा विकास संस्थान बाल विवाह के खिलाफ 100 दिवसीय जागरूकता अभियान चला रहा है। इसी अभियान के दौरान संस्थान को जिले के दो अलग-अलग स्थानों पर बाल विवाह कराये जाने की सूचना मिली।
पहली बच्ची सोनम (बदला हुआ नाम) की शादी बिसंडा थाना क्षेत्र में होनी थी, जबकि दूसरी बच्ची चंद्रिका (बदला हुआ नाम) का विवाह पैलानी थाना क्षेत्र में प्रस्तावित था। ग्रामीण परंपरा विकास संस्थान, जस्ट राइट्स फॉर चिल्ड्रेन (जेआरसी) का सहयोगी संगठन है। जेआरसी बाल अधिकार संरक्षण के क्षेत्र में काम करने वाले नागरिक समाज संगठनों का देश का सबसे बड़ा नेटवर्क है।
चंद्रिका के बाल विवाह की सूचना गांव के लोगों ने संस्थान को दी। जानकारी मिलते ही संस्थान की टीम ने सक्रियता दिखाते हुए संबंधित विभागों और पुलिस प्रशासन को इसकी जानकारी दी। वहीं, सोनम के मामले में भी संयुक्त टीम ने तत्काल कार्रवाई की। ग्रामीण परंपरा विकास संस्थान, चाइल्ड हेल्पलाइन, पुलिस की एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट, विशेष किशोर पुलिस इकाई और संबंधित थानों की पुलिस ने आपसी समन्वय से दोनों बाल विवाह रुकवा दिये।
पहला मामला 15 वर्षीय चंद्रिका का है, जो गांव के स्कूल में आठवीं कक्षा की छात्रा है। ग्रामीण परंपरा विकास संस्थान को उसके स्कूल के शिक्षक से जानकारी मिली कि चंद्रिका कई दिनों से स्कूल नहीं आ रही है। संस्थान की टीम ने जब इस बारे में पड़ताल की तो पता चला कि परिवार ने उसकी शादी तय कर दी है और विवाह दिसंबर के पहले हफ्ते में होना था। इसके बाद टीम ने संबंधित अधिकारियों और पुलिस को सूचना दी। समय रहते हस्तक्षेप कर चंद्रिका का बाल विवाह भी रुकवा दिया गया।
दूसरा मामला 16 वर्षीय सोनम का है, जिसकी शादी कुछ दिनों पहले होनी थी। जब संयुक्त टीम उसके घर पहुंची, तब वहां विवाह की तैयारियां चल रही थीं। घर में मिठाइयां बनायी जा रही थीं और शादी की अन्य तैयारियां भी लगभग पूरी थीं। टीम ने परिवार को समझाया कि नाबालिग लड़की की शादी कराना कानूनन अपराध है।
सोनम के भाई ने स्वीकार किया कि उसे इस बात की जानकारी नहीं थी कि कम उम्र में बच्ची की शादी करना कानून के खिलाफ है। उसने भरोसा दिलाया कि अब वह अपनी बहन की शादी बालिग होने के बाद ही करेगा। दोनों मामलों में बच्चियों के परिवारों ने शपथ पत्र दे दिया है कि वो उनके बालिग हो जाने के बाद ही शादी करेंगे। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।
पुलिस-प्रशासन की त्वरित कार्रवाई की प्रशंसा करते हुए ग्रामीण परंपरा विकास संस्थान, बांदा के निदेशक श्रवण कुमार ने कहा कि यह पहल केवल दो बाल विवाह रुकवाने तक सीमित नहीं है, बल्कि बच्चों के बचपन, शिक्षा, सुरक्षा, सम्मान और उज्ज्वल भविष्य को सुरक्षित रखने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
ग्रामीण परंपरा विकास संस्थान बाल विवाह मुक्त बांदा के संकल्प के साथ लगातार काम कर रहा है। हमारा मानना है कि बाल विवाह रोकना केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के हर नागरिक का सामूहिक दायित्व है। इस खबर से संबंधित और अधिक जानकारी के लिए जितेंद्र परमार (8595950825) से संपर्क कर सकते हैं।