Breaking
ताज़ा समाचार लोड हो रहा है...
लाइव: 140
होम ई-पेपर देश झारखंड खेल समाचार राज काज कानून व्यवस्था करियर बिजनेस वर्ल्ड हेल्थ विचार ज्ञान विज्ञान समाज वन और पर्यावरण मनोरंजन बिहार विज्ञापन
झारखंड

सामाजिक समरसता का संदेश लेकर रांची में हुई संगोष्ठी, हितचिंतक अभियान का शुभारंभ

शेयर करें: WhatsApp Facebook X Back to ePaper
सामाजिक समरसता का संदेश लेकर रांची में हुई संगोष्ठी, हितचिंतक अभियान का शुभारंभ
विज्ञापन

एबीएन सोशल डेस्क, रांची। विश्व हिंदू परिषद (विहिप) की ओर से सामाजिक समरसता के विषय पर एक विशेष संगोष्ठी की गयी। संगोष्ठी में विभिन्न जातियों एवं बिरादरियों के प्रमुखों तथा समाज के प्रबुद्धजनों ने भाग लिया। विश्व हिंदू परिषद के सामाजिक समरसता के अखिल भारतीय प्रमुख देवजी भाई रावत ने कहा कि सामाजिक समरसता ही सनातनी समाज की वास्तविक पहचान और उसकी सबसे बड़ी शक्ति है। 

श्री रावत ने कहा कि भारत में भाषा, खान-पान, रहन-सहन और पहनावे की विविधता होने के बावजूद हिंदू समाज में एकत्व का भाव विद्यमान है। विविधता में एकता हमारी सांस्कृतिक पहचान है। उन्होंने कहा कि विदेशी आक्रांताओं ने गुलामी के कालखंड में जातिगत भेदभाव और आपसी संघर्ष के माध्यम से हिंदू समाज को विभाजित करने के अनेक प्रयास किए, लेकिन हमारी समृद्ध संस्कृति, परंपराओं और पर्व-त्योहारों ने समाज को सदैव एक सूत्र में बांधे रखा। 

उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है कि हम सदियों की गुलामी से उपजे मानसिक भावों को पीछे छोड़कर आपसी एकता और सामाजिक समरसता को और अधिक मजबूत करें। इसके लिए समाज के सभी वर्गों के बीच आपसी संवाद, मेल-मिलाप और पारिवारिक संबंधों को बढ़ावा देना आवश्यक है। हमें एक-दूसरे के घर आना-जाना चाहिए तथा सामाजिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर सहभागिता निभानी चाहिए।

श्री रावत ने समाज को सचेत करते हुए कहा कि आज भी कुछ ऐसे तत्व सक्रिय हैं, जो समाज में आपसी वैमनस्य और बिखराव पैदा करने का प्रयास कर रहे हैं। ऐसे भ्रामक विमर्श से सावधान रहते हुए हमें आपसी विश्वास, सद्भाव और एकजुटता के साथ समाज को मजबूत बनाना होगा। उन्होंने कहा कि हम सभी के पूर्वज, संस्कृति और परंपराएं एक हैं। इसलिए हम सब एक हैं और समाज में किसी प्रकार के ऊंच-नीच अथवा भेदभाव का कोई स्थान नहीं होना चाहिए। 

इसी भावना को सशक्त करते हुए विश्व हिंदू परिषद के हिंदू सम्मेलनों में संतों द्वारा उद्घोषित मंत्र- हिन्दव: सोदरा: सर्वे, न हिन्दू पतितो भवेत्।मम दीक्षा हिन्दू रक्षा, मम मंत्र: समानता॥ के माध्यम से सामाजिक समानता, बंधुत्व और पारंपरिक एकता को मजबूत करने का संदेश दिया जाता रहा है।सामाजिक समरसता संगोष्ठी के पश्चात विश्व हिंदू परिषद के हितचिंतक अभियान का विधिवत शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर सैकड़ों लोगों ने विश्व हिंदू परिषद की सदस्यता ग्रहण कर अभियान से जुड़ने का संकल्प लिया। 

कार्यक्रम में क्षेत्र धर्माचार्य प्रमुख (पटना एवं असम क्षेत्र) वीरेंद्र विमल, प्रांत मंत्री मिथिलेश्वर नाथ मिश्र, प्रांत सामाजिक समरसता प्रमुख कृष्ण कुमार झा, प्रांत संगठन मंत्री चितरंजन, पद्मश्री महाबीर नायक, विभाग मंत्री रविशंकर राय, महानगर अध्यक्ष कैलाश केशरी, महानगर सामाजिक समरसता प्रमुख मुकेश गिरी सहित समाज के विभिन्न वर्गों के अनेक गणमान्य एवं प्रबुद्धजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में चंद्रमा प्रसाद ने धन्यवाद ज्ञापन करते हुए सभी अतिथियों, वक्ताओं एवं उपस्थित जनसमूह के प्रति आभार व्यक्त किया। उक्त जानकारी विश्व हिंदू परिषद, झारखंड के प्रांत प्रचार प्रमुख प्रमुख प्रकाश रंजन  ने दी।

विज्ञापन