- चंदवा-लोहरदगा रोड पर बाइक हादसा, दो युवकों की मौत, एक गंभीर
- तीनों बुलेट पर सवार होकर लोहरदगा से घर लौट रहे थे, महादेव मंडा के समीप हुआ हादसा
एबीएन न्यूज नेटवर्क, (लातेहार)। चंदवा-लोहरदगा रोड पर महादेव मंडा के समीप शुक्रवार देर रात हुए सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद सुकलकट्ठा गांव में शोक की लहर दौड़ गई। मृतकों की पहचान कार्तिक उरांव (24) और तरुण यादव (25) के रूप में हुई है। वहीं, विजय कुमार गंभीर रूप से घायल हैं। तीनों युवक चंदवा थाना क्षेत्र के सुकलकट्ठा गांव के निवासी बताए गए हैं।
जानकारी के अनुसार, तीनों युवक बुलेट बाइक पर सवार होकर लोहरदगा से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान महादेव मंडा के समीप बाइक अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसा इतना भीषण था कि कार्तिक उरांव और तरुण यादव की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि विजय कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और घायल युवक को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया। वहीं, पुलिस ने दोनों मृतकों के शव को कब्जे में लेकर आगे की प्रक्रिया शुरू कर दी है। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
एक साथ दो युवकों की मौत से सुकलकट्ठा गांव में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं गांव के लोग इस दर्दनाक हादसे से स्तब्ध हैं।