- जमशेदपुर : झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़ा के तहत निकली सड़क सुरक्षा जागरूकता रैली
- नुक्कड़ नाटक के माध्यम से दिया गया सुरक्षित यातायात का संदेश
- उपायुक्त एवं वरीय पुलिस अधीक्षक ने बिना हेलमेट बाइक चला रहे लोगों को हेलमेट और फूलों की माला पहनाकर किया जागरूक, यातायात नियमों के पालन की अपील
एबीएन न्यूज नेटवर्क, जमशेदपुर। झारखंड राज्य स्थापना दिवस पखवाड़ा-2026 के तहत सड़क सुरक्षा के प्रति आमजनों को जागरूक करने के उद्देश्य से कलेक्ट्रेट परिसर से साकची गोलचक्कर तक सड़क सुरक्षा जागरूकता रैली निकाली गयी। रैली के माध्यम से लोगों को यातायात नियमों के पालन, हेलमेट एवं सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग तथा सड़क दुर्घटनाओं से बचाव के प्रति जागरूक किया गया।
रैली में शामिल प्रतिभागियों ने सड़क सुरक्षा से संबंधित संदेशों के माध्यम से आम नागरिकों को यातायात नियमों का पालन करने और स्वयं के साथ-साथ दूसरों की सुरक्षा के प्रति जिम्मेदार बनने की अपील की।
इस दौरान नुक्कड़ नाटक भी किया गया, जिससे प्रभावशाली ढंग से सड़क सुरक्षा के महत्व, लापरवाही से वाहन चलाने के दुष्परिणाम तथा यातायात नियमों की अनदेखी से होने वाली दुर्घटनाओं के प्रति लोगों का ध्यान आकृष्ट किया गया।
साकची गोलचक्कर पर जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त राजीव रंजन एवं वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ एहतेशाम वकारिब ने बिना हेलमेट बाइक चला रहे लोगों को हेलमेट प्रदान किया तथा उन्हें हेलमेट पहनकर ही दोपहिया वाहन चलाने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने कहा कि हेलमेट केवल यातायात नियमों के अनुपालन का माध्यम नहीं, बल्कि सड़क दुर्घटना की स्थिति में जीवन की सुरक्षा के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। दोपहिया वाहन चलाते समय चालक के साथ पीछे बैठने वाले व्यक्ति को भी हेलमेट पहनना चाहिए।
मौके पर आम नागरिकों से अपील की गयी कि वाहन चलाते समय निर्धारित गति सीमा का पालन करें, यातायात संकेतों का ध्यान रखें, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग न करें तथा नशे की स्थिति में कभी भी वाहन न चलायें। सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करना प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है।
सी सावधानी और सतर्कता बहुमूल्य जीवन को सुरक्षित रख सकती है। कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त, एसडीएम धालभूम, अपर उपायुक्त, सिविल सर्जन, जिला परिवहन पदाधिकारी, डीएसपी ट्रैफिक व बड़ी संख्या में शहरवासी शामिल हुए।