- धनबाद : बंद कमरे से दुर्गंधयुक्त शव मिलने से हड़कंप
- कतरास में बंद कमरे से मिला 50 वर्षीय अविवाहित व्यक्ति की लाश!
- 2-4 दिनों तक कमरे में पड़ा रहा शव, दुर्गंध से मचा हड़कंप
- दरवाजा खुलते ही सामने आया खौफनाक मंजर!
एबीएन न्यूज नेटवर्क, धनबाद। जिले के कतरास थाना क्षेत्र में एक बंद कमरे से 50 वर्षीय अविवाहित व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गयी। मृतक की पहचान नीरज सिन्हा के रूप में हुई है। वह रानी बाजार गुरुद्वारा के समीप सहदेव सिंह के मकान में किराये पर अकेले रहते थे। बताया जा रहा है कि उनकी मौत दो से चार दिन पहले हुई थी। कमरे से तेज दुर्गंध आने के बाद इस घटना का खुलासा हुआ।
जानकारी के अनुसार, नीरज सिन्हा पिछले कई दिनों से अपने कमरे से बाहर नहीं निकले थे। आसपास रहने वाले किरायेदारों को जब कमरे से तेज दुर्गंध महसूस हुई, तो उन्होंने मकान मालिक सहदेव सिंह को इसकी जानकारी दी। इसके बाद मकान मालिक ने नीरज के परिजनों को सूचना दी। परिजनों की ओर से कतरास थाना पुलिस को मामले की जानकारी दी गयी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कमरे का दरवाजा खुलवाया। अंदर नीरज का शव बुरी तरह फूल चुका था। शव की स्थिति देखकर आशंका जताई जा रही है कि उनकी मौत कई दिन पहले हुई होगी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल मौत के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है।
पिता के निधन के बाद अकेले रह रहे थे नीरज
बताया जाता है कि नीरज सिन्हा अविवाहित थे और अक्सर नशे का सेवन करते थे। उनके पिता स्वर्गीय सुरेंद्र नारायण सिन्हा टाटा में इलेक्ट्रिकल इंजीनियर के पद पर कार्यरत थे। पिता के निधन के बाद से नीरज अकेले ही जीवन गुजार रहे थे। वह किराए के मकान में अकेले रहते थे।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से होगा मौत के कारणों का खुलासा
फिलहाल कतरास पुलिस मामले की जांच में जुटी है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि नीरज की मौत किन परिस्थितियों में हुई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। घटना के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चा हो रही हैं।