एबीएन न्यूज नेटवर्क, धनबाद। धनबाद के टुंडी में दिनांक 20 नवंबर 2026 को झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (जेएलकेएम) की महिला मोर्चा महानगर अध्यक्ष डिंपल चौबे ने जिले में संचालित आउटसोर्सिंग एवं निजी कंपनियों द्वारा स्थानीय युवाओं को पर्याप्त रोजगार नहीं दिए जाने पर कड़ी नाराजगी व्यक्त की है।
उन्होंने कहा कि झारखंड के संसाधनों से करोड़ों का कारोबार करने वाली कंपनियां आखिर यहां के युवाओं को रोजगार देने में पीछे क्यों हैं? राज्य में निजी क्षेत्र की नौकरियों में 75% स्थानीय अभ्यर्थियों को रोजगार देने सम्बन्धी कानूनी प्रावधान है! इसके बावजूद इसकी अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जायेगी।
डिंपल चौबे ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि कंपनियां स्थानीय युवाओं को रोजगार में उचित हिस्सेदारी नहीं देती हैं, तो जेएलकेएम उनके विरुद्ध निर्णायक लोकतांत्रिक आंदोलन करेगी।
साथ ही कंपनी प्रबंधन के मुख्य द्वार पर धरना-प्रदर्शन कर रोजगार व्यवस्था के जांच की मांग कों पूरजोर तरिके से उठायेगी। उन्होंने कहा कि धनबाद के संसाधनों पर पहला अधिकार यहां के लोगों का है। स्थानीय युवाओं को रोजगार देना कम्पनियों की जिम्मेदारी है। अब रोजगार के नाम पर स्थानीय लोगों के साथ अन्याय और कंपनियों की मनमानी नहीं चलने दी जायेगी।