भजन-कीर्तन एवं सामूहिक आरती से भक्तिमय हुआ वातावरण
एबीएन सोशल डेस्क। देवउठनी एकादशी पर परमहंस संत शिरोमणि सदानंद महाराज जी के सान्निध्य में एमआरएस श्री कृष्ण प्रणामी सेवा धाम ट्रस्ट द्वारा संचालित पुंदाग स्थित श्री राधा-कृष्ण प्रणामी मंदिर में श्रद्धा, भक्ति एवं उल्लास के साथ विशेष धार्मिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
मौके पर श्री राधा-कृष्ण राज श्यामा जी का नवीन वस्त्रों एवं जड़ित, सुसज्जित आकर्षक आभूषणों से अत्यंत मनोहारी एवं अलौकिक श्रृंगार किया गया। मंदिर में विराजमान भगवान के दिव्य स्वरूप के दर्शन कर श्रद्धालु भावविभोर हो उठे। मंदिर के पुजारी पंडित अरविंद पांडेय ने पूरे विधि-विधान एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ भगवान की पूजा-अर्चना संपन्न करायी।
भगवान को विभिन्न प्रकार के स्वादिष्ट एवं विविध व्यंजनों का प्रसाद भोग अर्पित किया गया। इसके पश्चात दीपों से भगवान की सामूहिक आरती की गयी। मंदिर परिसर में महिलाओं द्वारा भक्तिमय भजन-कीर्तन प्रस्तुत किये गये। पूरा वातावरण जयकारों एवं भक्ति संगीत से गुंजायमान रहा। कार्यक्रम के उपरांत श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरण किया गया।
मौके पर ट्रस्ट के उपाध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद अग्रवाल एवं प्रवक्ता सह मीडिया प्रभारी संजय सर्राफ ने देवउठनी एकादशी की धार्मिक महत्ता पर प्रकाश डालते हुए बताया कि इस दिन भगवान विष्णु चार माह की योगनिद्रा से जागृत होते हैं। इसी के साथ चातुर्मास का समापन और मांगलिक कार्यों का शुभारंभ होता है। मौके पर तुलसी विवाह की परंपरा का विशेष महत्व है, जिसमें माता तुलसी एवं भगवान शालिग्राम का विवाह संपन्न कराया जाता है।
साथ ही उन्होंने श्री खाटू श्याम जी के जन्मोत्सव की धार्मिक मान्यता, महत्ता एवं भक्ति परंपरा की भी विस्तृत जानकारी दी। कार्यक्रम में ट्रस्ट के सदस्यगण, श्रद्धालु एवं बड़ी संख्या में भक्तजन उपस्थित थे। सभी ने भगवान श्री राधा-कृष्ण का आशीर्वाद प्राप्त कर सुख, शांति एवं समृद्धि की मंगलकामना की।