एबीएन सोशल डेस्क। देवउठनी एकादशी के पावन अवसर पर 20 नवंबर, शुक्रवार को परमहंस संत शिरोमणि सदानंद महाराज जी के पावन सानिध्य में पुंदाग स्थित श्री राधा-कृष्ण प्रणामी मंदिर में भव्य धार्मिक कार्यक्रम का आयोजन किया जायेगा। एमआरएस श्री कृष्ण प्रणामी सेवा धाम ट्रस्ट द्वारा आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में भगवान श्री राधा-कृष्ण राज श्यामा जी का जड़ित एवं आकर्षक आभूषणों से अलौकिक और मनोहारी श्रृंगार किया जायेगा।
इसके उपरांत विधिवत पूजा-अर्चना, आरती, भजन-कीर्तन एवं भगवान को विशेष प्रसाद भोग अर्पित किया जायेगा। इस अवसर पर श्रद्धालु भक्तजन भगवान के दिव्य दर्शन कर पूजा-अर्चना करेंगे तथा भक्ति और आध्यात्मिक आनंद में सहभागी बनेंगे।
देवउठनी एकादशी को भगवान विष्णु के योगनिद्रा से जागने का पर्व माना जाता है। इसी दिन से मांगलिक कार्यों का शुभारंभ होता है। ट्रस्ट के प्रवक्ता सह मीडिया प्रभारी संजय सर्राफ ने श्रद्धालुओं से कार्यक्रम में सम्मिलित होकर पुण्य लाभ प्राप्त करने की अपील की।