Breaking
ताज़ा समाचार लोड हो रहा है...
लाइव: 73
होम ई-पेपर देश झारखंड खेल समाचार राज काज कानून व्यवस्था करियर बिजनेस वर्ल्ड हेल्थ विचार ज्ञान विज्ञान समाज वन और पर्यावरण मनोरंजन बिहार विज्ञापन
झारखंड

कमल रंजन दुबे बतायें मजदूरहित में अपना योगदान : निशिथ जायसवाल

शेयर करें: WhatsApp Facebook X Back to ePaper
कमल रंजन दुबे बतायें मजदूरहित में अपना योगदान : निशिथ जायसवाल
विज्ञापन

छोटानागपुर बॉक्साइट एंड कोल वर्कर्स यूनियन सह इंटक के अध्यक्ष ने कहा- मजदूरों के संघर्ष से दूर रहने वाले आज इंटक के रहनुमा बनने चले हैं 

एबीएन न्यूज नेटवर्क, लोहरदगा। छोटानागपुर बॉक्साइट एंड कोल वर्कर्स यूनियन सह इंटक के अध्यक्ष निशिथ जायसवाल ने लोहरदगा में इंटक के नाम पर कुछ व्यक्तियों द्वारा की जा रही बयानबाजी पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि मजदूरों के संघर्ष से दूर रहने वाले कुछ लोग आज इंटक के रहनुमा बनने का प्रयास कर रहे हैं। संगठन के इतिहास, नेतृत्व और पदाधिकारियों पर सवाल उठाने से पहले उन्हें मजदूरों के बीच अपने योगदान का हिसाब देना चाहिए। 

निशिथ जायसवाल ने विशेष रूप से कमल रंजन दुबे पर निशाना साधते हुए कहा कि जब स्वर्गीय चंद्रशेखर दुबे उर्फ ददई दुबे जीवित थे और इंटक के राष्ट्रीय अध्यक्ष हुआ करते थे, उस समय भी कमल रंजन दुबे को संगठन में कोई महत्वपूर्ण जिम्मेदारी नहीं सौंपी गयी थी। स्वर्गीय ददई दुबे संगठन की गतिविधियों और कमल रंजन दुबे के कागजी फर्जीवाड़ा की कार्यशैली से भलीभांति परिचित थे। कमल रंजन दुबे पर फर्जी कागजात के माध्यम से चंदा उगाही करने और मजदूरों को व्यक्तिगत लाभ के लिए गुमराह करने जैसी शिकायतें रही हैं। यही वजह थी कि उन्हें संगठन में कोई जिम्मेदारी नहीं दी गयी। 

उन्होंने कहा कि आज भी कमल रंजन दुबे उसी प्रकार की गतिविधियों के माध्यम से अपने व्यक्तिगत हित साधने का प्रयास कर रहे हैं। उन्हें मजदूरों के वास्तविक मुद्दों, उनके संघर्ष और सुख-दुख से कोई सरोकार नहीं है। निशिथ जायसवाल ने कड़े शब्दों में कहा कि मजदूरों के नाम और संगठन की पहचान का इस्तेमाल कर व्यक्तिगत लाभ उठाना किसी भी परिस्थिति में स्वीकार्य नहीं है। यदि संबंधित व्यक्ति इन आरोपों को गलत मानते हैं तो उन्हें सार्वजनिक रूप से तथ्यों और दस्तावेजों के साथ अपनी स्थिति रजिस्ट्रार के समक्ष स्पष्ट करनी चाहिए। 

निशिथ जायसवाल ने कहा कि स्वर्गीय ददई दुबे के बाद इंटक के राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में धीरज प्रसाद साहू को जिम्मेदारी सौंपी गयी थी। धीरज साहू ने संगठन के प्रति विश्वास व्यक्त करते हुए एनजी अरुण को राष्ट्रीय महासचिव की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी थी। ऐसे में आज इंटक के नाम पर बयान जारी कर संगठनात्मक इतिहास और नेतृत्व पर सवाल उठाने वालों को पहले यह स्पष्ट करना चाहिए कि धीरज प्रसाद साहू एवं एनजी अरुण ने संगठन के विस्तार और मजदूरों के अधिकारों की लड़ाई में क्या योगदान दिया है। 

उन्होंने कहा कि इंटक किसी व्यक्ति विशेष की निजी जागीर नहीं है। यह लाखों मजदूरों के संघर्ष, त्याग और अधिकारों की लड़ाई से खड़ा हुआ संगठन है। इसकी पहचान पदों के दावों, प्रेस विज्ञप्तियों और आरोप-प्रत्यारोप से नहीं, बल्कि मजदूरों के बीच किये गये कार्यों से होती है। 

निशिथ जायसवाल ने सीधा सवाल उठाते हुए कहा कि जो लोग आज मजदूरों के सबसे बड़े हितैषी बनने का दावा कर रहे हैं, वे बतायें कि हिंडाल्को इंडस्ट्रीज लिमिटेड सहित विभिन्न औद्योगिक संस्थानों में मजदूरों की समस्याओं के समय कितनी बार उनके साथ खड़े हुए? मजदूरों के वेतन, रोजगार, सुरक्षा, शोषण और अधिकारों की लड़ाई में उनकी वास्तविक भूमिका क्या रही है? मजदूरों के बीच यह सवाल भी उठ रहा है कि कुछ लोगों की सक्रियता केवल चंदा संग्रह और अन्य आर्थिक गतिविधियों तक ही क्यों दिखाई देती है? 

उन्होंने कहा कि संगठनात्मक जिम्मेदारी का अर्थ केवल पद का नाम इस्तेमाल करना नहीं, बल्कि मजदूरों के सुख-दुख में शामिल होना और उनके अधिकारों के लिए संघर्ष करना है। लोहरदगा के मजदूर किसी के व्यक्तिगत स्वार्थ और संगठनात्मक वर्चस्व की लड़ाई के मोहरे नहीं बनेंगे। 

निशिथ जायसवाल ने स्पष्ट किया कि छोटानागपुर बॉक्साइट एंड कोल वर्कर्स यूनियन एवं इंटक मजदूरों के सम्मान, अधिकार और हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। संगठन के नाम पर भ्रम फैलाने अथवा मजदूरों को गुमराह करने के किसी भी प्रयास का जवाब संगठनात्मक प्रक्रिया और उपलब्ध तथ्यों के आधार पर दिया जाएगा। 

अंत में उन्होंने कड़े शब्दों में कहा कि मजदूरों के संघर्ष में पसीना बहाने से पहचान बनती है, केवल पद का दावा करने से कोई मजदूर नेता नहीं बन जाता। इंटक के नाम पर बयान देने वालों, विशेषकर कमल रंजन दुबे से हमारा सीधा सवाल है कि मजदूरों के लिए आपका योगदान क्या है? पहले अपने कार्यों का हिसाब सार्वजनिक कीजिए, अपने ऊपर लगे आरोपों का तथ्यात्मक जवाब दीजिये, उसके बाद संगठन के इतिहास और नेतृत्व पर सवाल उठाइये।

विज्ञापन