- धनबाद कतरास श्री गंगा गौशाला में सच्चे सद्गुरु का मिलना भगवान की विशेष कृपा : देवी चित्रलेखा
एबीएन न्यूज नेटवर्क, कतरास। श्री गंगा गौशाला में आयोजित गोपाष्टमी महोत्सव के दूसरे दिन बुधवार को पांच दिवसीय संगीतमय श्रीकृष्ण कथा में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी।
कथावाचिका देवी चित्रलेखा ने गुरु-शिष्य परंपरा, जीव, कर्म और मृत्यु के रहस्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि सच्चे सद्गुरु का मिलना भगवान की विशेष कृपा है। गुरु जीवन को सही दिशा प्रदान करते हैं और भक्ति के मार्ग पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं।
उन्होंने अजामिल चरित्र और भक्त प्रह्लाद की कथा के माध्यम से हरिनाम स्मरण, अटूट श्रद्धा और सच्ची भक्ति का महत्व बताया।
उन्होंने श्रद्धालुओं से प्रतिदिन ईश्वर का स्मरण करने और सत्य, धर्म एवं सेवा के मार्ग पर चलने का आह्वान किया।
कथा के दौरान भजन-कीर्तन पर श्रद्धालु भावविभोर होकर झूम उठे। महाआरती एवं सामूहिक हरिनाम संकीर्तन के साथ दूसरे दिन की कथा संपन्न हुई। गुरुवार को भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव एवं नंदोत्सव का आयोजन होगा।
मौके पर बियाडा के पूर्व अध्यक्ष विजय कुमार झा, डॉ. वीएन चौधरी, उषा चौधरी, प्रदीप खेमका, सुनीता खेमका, किरण गोयंका, शंभूनाथ अग्रवाल, ललित सांवरिया, सुभाष गोयल, महेश बजानिया, मनोज खेमका, अरुण तुलस्यान, अरुण चौधरी एवं दीपक अग्रवाल सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।