- धनबाद में बड़ा साइबर खेल: बिना चेक-यूपीआई के पंचायत खाता खाली, 5 दिन में उड़े 2.20 लाख
एबीएन न्यूज नेटवर्क, धनबाद। जिले के बाघमारा इलाके से साइबर ठगी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां निचितपुर पंचायत-2 के सरकारी खाते से करीब 2 लाख 20 हजार रुपये रहस्यमय तरीके से निकाल लिए गए।
सबसे हैरान करने वाली बात ये है कि इस खाते के लिए न तो कभी चेकबुक जारी हुई थी और न ही इसमें यूपीआई या ऑनलाइन ट्रांजेक्शन की सुविधा थी। फिर भी ठगों ने पांच दिनों के अंदर खाते को लगभग खाली कर दिया।
कैसे हुआ पूरा खेल?
बताया जा रहा है कि 10 नवंबर को सबसे पहले खाते से महज 1 रुपया निकाला गया। शायद ठगों ने ये देखने के लिए किया था कि खाता चल रहा है या नहीं। इसके बाद 10 से 15 नवंबर के बीच अलग-अलग रकम में लगातार निकासी होती रही।
14 नवंबर को जब 10 हजार रुपये निकलने का मैसेज आया, तब जाकर मुखिया और सचिव को गड़बड़ी का अंदेशा हुआ। उस दिन बैंक बंद था, इसलिए पूरी जानकारी नहीं मिल पाई। 17 नवंबर को जब बैंक से स्टेटमेंट निकलवाया गया, तो सबके होश उड़ गए। खाते से कुल 2,20,204.49 रुपये गायब थे।
किसका है खाता?
यह खाता 15वें वित्त आयोग का है, जो यूनियन बैंक ऑफ इंडिया की कतरास शाखा में खुला है। यह खाता मुखिया फागू महतो और पंचायत सचिव योगेश्वर प्रसाद साव के संयुक्त हस्ताक्षर से संचालित होता है। दोनों का साफ कहना है कि इस निकासी के बारे में उन्हें कोई जानकारी नहीं थी और न ही उन्होंने किसी को अनुमति दी थी।
अब क्या हुआ
मामले को गंभीरता से लेते हुए मुखिया और सचिव ने साइबर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। साथ ही बाघमारा के बीडीओ और बरोरा थाना को भी इसकी सूचना दे दी गई है।
दोनों ने प्रशासन से मांग की है कि इस साइबर ठगी की गहराई से जांच हो, दोषियों को जल्द पकड़ा जाए और पंचायत की गायब हुई पूरी राशि वापस दिलाई जाए। फिलहाल पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि बिना चेक और बिना यूपीआई के खाते से पैसा आखिर निकाला कैसे गया।