एबीएन न्यूज नेटवर्क, लोहरदगा। आज लोहरदगा विधायक सह पूर्व मंत्री झारखंड सरकार डॉ. रामेश्वर उरांव ने कैरो और भंडरा प्रखंड में ग्राम प्रधान, पाहन, पुजार, महतो के साथ पेसा कानून को लेकर विशेष बैठक की। बैठक में दोनों प्रखंड के सभी गांवों के ग्राम प्रधान, पाहन, पुजार, महतो एवं आदिवासी समाज के गणमान्य लोग बड़ी संख्या में उपस्थित हुए। बैठक का मुख्य उद्देश्य गांव स्तर पर पेसा कानून की जानकारी देना और लोगों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना था।
बैठक को संबोधित करते हुए डॉ. रामेश्वर उरांव ने कहा कि पेसा कानून आदिवासी समाज की आत्मा है। यह कानून ग्राम सभा को सबसे बड़ी ताकत देता है। उन्होंने कहा कि जल, जंगल, जमीन की रक्षा और गांव के विकास का फैसला अब गांव के लोग खुद करेंगे, किसी बाहरी व्यक्ति के भरोसे नहीं रहना होगा।
डॉ. उरांव ने विस्तार से बताया कि पेसा कानून के तहत ग्राम सभा को क्या-क्या अधिकार प्राप्त हैं।
उन्होंने कहा कि गांव में होने वाले हर विकास कार्य, जमीन अधिग्रहण, शराबबंदी, वन उपज, खनन और सामाजिक न्याय से जुड़े मामलों में ग्राम सभा की सहमति सबसे पहले जरूरी है। उन्होंने ग्राम प्रधान, पाहन, पुजार, महतो से आह्वान किया कि वे अपने-अपने गांव में जाकर लोगों को पेसा कानून के बारे में बतायें, ताकि कोई भी आदिवासी भाई अपने अधिकार से वंचित न रहे।
उन्होंने कहा कि सरकार आदिवासी समाज के हितों की रक्षा के लिए हमेशा प्रतिबद्ध है और पेसा कानून को जमीन पर उतारना ही सबसे बड़ी प्राथमिकता है। बैठक में उपस्थित ग्राम प्रधानों और पाहनों ने भी अपनी समस्याएं रखीं, जिस पर विधायक ने जल्द समाधान का आश्वासन दिया। अंत में सभी ने पेसा कानून को गांव-गांव तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
मौके पर विधायक प्रतिनिधि डॉ निशीथ जायसवाल, बीडीओ कैरो, कैरो प्रमुख, प्रखंड कांग्रेस अध्यक्ष अनीस अहमद, भंडरा प्रखंड अध्यक्ष जुगल भगत, कुडू उप प्रमुख ऐनुल अंसारी, मीडिया प्रभारी, असलम अंसारी, शशिकांत उरांव, काले उरांव, बबलू उरांव, हरिदास उरांव, फूलदेव उरांव, आशीष भगत, रविंदर उरांव, विजय उरांव, संजू तुरी, विजय उरांव, छोट्या उरांव, पांचू उरांव, बीरेंद्र उरांव, मुजाहिर अंसारी, दोनों प्रखंड के सैकड़ों ग्राम प्रधान, पाहन, पुजार, महतो, जनप्रतिनिधि और ग्रामीण मौजूद थे।