Breaking
ताज़ा समाचार लोड हो रहा है...
लाइव: 32
होम ई-पेपर देश झारखंड खेल समाचार राज काज कानून व्यवस्था करियर बिजनेस वर्ल्ड हेल्थ विचार ज्ञान विज्ञान समाज वन और पर्यावरण मनोरंजन बिहार विज्ञापन
झारखंड

एचईसी को बचाने एक मंच पर उतरे आठों यूनियन

शेयर करें: WhatsApp Facebook X Back to ePaper
एचईसी को बचाने एक मंच पर उतरे आठों यूनियन
विज्ञापन

एचईसी बचाने के लिए एक मंच पर आठों यूनियन, प्रबंधन के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन की तैयारी 

टीम एबीएन, रांची। एचईसी की मौजूदा स्थिति और प्रबंधन की कार्यशैली के विरोध में आठों मजदूर यूनियनों ने आंदोलन तेज करने का फैसला लिया है। इसके तहत 17 नवंबर को एचईसी मुख्यालय का घेराव किया जायेगा। मजदूर लगातार तीसरे दिन भी अपनी ड्यूटी करेंगे। इसके बाद दोपहर एक बजे लंच के समय सभी कर्मचारी एकजुट होकर मुख्यालय पहुंचेंगे और घेराव करेंगे। हटिया मजदूर यूनियन (सीटू) के कार्यकारी अध्यक्ष हरेंद्र प्रसाद यादव ने मजदूरों से इस आंदोलन में बड़ी संख्या में शामिल होने की अपील की है। 

हरेंद्र प्रसाद यादव ने कहा कि एचईसी को बचाना केवल किसी एक यूनियन या संगठन की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि यहां काम करने वाले सभी मजदूरों और कर्मचारियों की सामूहिक जिम्मेदारी है। मौजूदा हालात में मजदूरों को आपसी मतभेद और भेदभाव भुलाकर एकजुट होना होगा। उन्होंने कहा कि सभी प्लांटों में आंदोलन को लेकर प्रचार-प्रसार किया जाये, ताकि अधिक से अधिक कर्मचारी इसमें शामिल हों। 

सप्लाई कर्मचारियों के बीच आपसी मतभेद पैदा करने वालों को भी चिह्नित कर उन्हें समझाने की जरूरत है, कारखाने को खड़ा करने में सभी कर्मचारियों का बराबर योगदान रहा है। यूनियन की प्रमुख मांगों में मजदूरों को नियमित वेतन भुगतान, कैंटीन की व्यवस्था जल्द बहाल करना और सभी तरह के बकाया वेतन का तत्काल भुगतान शामिल है। 

यादव ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार के इशारे पर प्रबंधन काम कर रहा है और मजदूरों की समस्याओं का समाधान करने के बजाय कारखाने की स्थिति को और खराब किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि लंबे समय से वेतन नहीं मिलने और बुनियादी सुविधाओं के अभाव में कर्मचारियों के सामने आर्थिक और व्यावहारिक परेशानियां खड़ी हो रही हैं। 

हरेंद्र प्रसाद यादव ने एनसीएलटी की ओर से नियुक्त एडमिनिस्ट्रेटर की भूमिका और एचईसी की मौजूदा परिस्थितियों को लेकर भी सवाल उठाये। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रबंधन ने जानबूझकर ऐसी स्थिति पैदा की है, जिससे छह करोड़ रुपये की देनदारी का मामला सामने आया। उनका दावा है कि इसके पीछे कारखाने को कम कीमत पर बेचने की तैयारी है। प्लांटों में मशीनों और स्टोर से संबंधित डाटा तेजी से तैयार किया जा रहा है। 

उन्होंने कर्मचारियों को सतर्क करते हुए कहा कि बिना उचित जानकारी के डाटा उपलब्ध कराने से बचें। इससे कारखाने की संपत्तियों की नीलामी का रास्ता खुल सकता है। उन्होंने कहा कि बाहर से आए भेल प्रबंधन की कार्यशैली भी सवालों के घेरे में है। अब समय आ गया है कि सभी मजदूर एक मंच पर आकर एचईसी को बचाने की लड़ाई लड़ें। यूनियन को उम्मीद है कि 17 नवंबर के घेराव में बड़ी संख्या में मजदूर शामिल होंगे।

विज्ञापन