Breaking
ताज़ा समाचार लोड हो रहा है...
लाइव: 234
होम ई-पेपर देश झारखंड खेल समाचार राज काज कानून व्यवस्था करियर बिजनेस वर्ल्ड हेल्थ विचार ज्ञान विज्ञान समाज वन और पर्यावरण मनोरंजन बिहार विज्ञापन
झारखंड

26 वर्षों बाद भी झारखंड गठन का मूल सपना अधूरा : देवेन्द्र नाथ महतो

शेयर करें: WhatsApp Facebook X Back to ePaper
26 वर्षों बाद भी झारखंड गठन का मूल सपना अधूरा : देवेन्द्र नाथ महतो
विज्ञापन
  • 26 वर्षों बाद भी झारखंड गठन का मूल सपना अधूरा : देवेन्द्र नाथ महतो
  • अगले 25 वर्षों के विकास का रोडमैप बनाने का संकल्प लेना होगा : देवेन्द्र नाथ महतो

टीम एबीएन, रांची। धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती एवं झारखंड स्थापना दिवस के अवसर पर JLKM के केंद्रीय वरीय उपाध्यक्ष दिशुम वीर बाबू देवेन्द्र नाथ महतो ने कोकर स्थित बिरसा समाधि स्थल पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। मीडिया को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि आज का दिन झारखंड के लिए ऐतिहासिक और गौरवपूर्ण होने के साथ-साथ आत्ममंथन एवं समीक्षा का भी दिन है। उन्होंने कहा कि झारखंड का गठन केवल अलग भौगोलिक सीमा, प्रशासनिक व्यवस्था, सत्ता और पद के लिए नहीं हुआ था। 

इसके पीछे जल-जंगल-जमीन की रक्षा, आदिवासी-मूलवासी अस्मिता, स्थानीय युवाओं को रोजगार, किसानों की खुशहाली, मजदूरों का सम्मान और विस्थापितों को न्याय दिलाने का सपना था। लेकिन 26 वर्षों बाद भी स्थानीय नीति एवं नियोजन नीति का सवाल अधूरा है। छात्र-युवा मेहनत करने के बावजूद पेपर लीक, भर्ती अनियमितताओं और नियुक्तियों में देरी से परेशान हैं। किसान सिंचाई, बिजली, बीज, खाद और बाजार की समस्या से जूझ रहे हैं। 

उद्योगों में काम करने वाले मजदूरों को नियमित वेतन वृद्धि और पदोन्नति का लाभ नहीं मिल रहा है। विस्थापित आज भी मुआवजा और रोजगार के लिए संघर्ष कर रहे हैं। वहीं कुड़माली, पंचपरगनिया, खोरठा, नागपुरी, मुंडारी, संताली, हो, कुड़ुख और खड़िया जैसी क्षेत्रीय एवं जनजातीय भाषाओं के संरक्षण और शिक्षा के क्षेत्र में अभी बहुत काम होना बाकी है।

उन्होंने कहा कि आज भी झारखंड आंदोलनकारियों को पेंशन, सम्मान और नियोजन के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है। यह पूरे राज्य के लिए आत्ममंथन का विषय है। देवेन्द्र नाथ महतो ने कहा कि आज केवल 26 वर्षों की उपलब्धियों का जश्न मनाने का नहीं, बल्कि अगले 25 वर्षों के झारखंड की दिशा तय करने का संकल्प लेने का दिन है।

राज्य की स्वास्थ्य, शिक्षा, रोजगार, कृषि, उद्योग और ग्रामीण विकास की स्थिति कैसी होगी, सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक कैसे पहुंचेगा तथा हमारी भाषा, संस्कृति, रीति-रिवाज और परंपराएं कैसे संरक्षित होंगी—इन सभी विषयों पर स्पष्ट विकास रोडमैप तैयार होना चाहिए। उन्होंने कहा कि झारखंड की जनभावनाओं को केंद्र में रखकर स्थानीय नीति, नियोजन नीति, उद्योग नीति और विस्थापन-पुनर्वास नीति बनाई जाए।

आज झारखंड सरकार द्वारा स्थापना दिवस नहीं मनाने पर सरकार पर टिप्पणी करते हुए कहा कि स्थापना दिवस किसी सरकार या राजनीतिक दल का नहीं, बल्कि झारखंड के शहीदों, आंदोलनकारियों और आम जनता के संघर्ष का उत्सव है। ऐसे ऐतिहासिक दिन पर स्थापना दिवस की गरिमा और महत्व की उपेक्षा होना कहीं न कहीं आहत करने वाली बात है।

उन्होंने कहा, झारखंड केवल सत्ता परिवर्तन के लिए नहीं, व्यवस्था परिवर्तन के लिए बना था। 26 वर्षों बाद भी यदि युवा रोजगार, किसान सिंचाई, मजदूर सम्मान और आंदोलनकारी अपने अधिकारों के लिए संघर्ष कर रहे हैं, तो हमें ईमानदारी से आत्ममंथन करना होगा। अब अधूरे सपनों का हिसाब लेकर अगले 25 वर्षों के समृद्ध, स्वाभिमानी और अधिकार संपन्न झारखंड का रोडमैप बनाना होगा।

इस अवसर पर JLKM केंद्रीय अध्यक्ष एवं डुमरी विधायक टाइगर जयराम महतो के प्रतिनिधि, रिम्स प्रतिनिधि रविंद्र महतो, संतोष महतो, हरेंद्र महतो,  रेखा महतो, पार्वती कुमारी,  गणेश महतो (जिला सचिव), सिद्धार्थ महतो (युवा मोर्चा नेता) सहित बड़ी संख्या में युवा उपस्थित थे।

विज्ञापन