- कतरास-बाघमारा में छठ की धूम! जोगता-सेंद्रा से सिजुआ और डीनाबली तक जगमगाए घाट, आज सूर्य को देंगे अर्घ्य
एबीएन न्यूज नेटवर्क, कतरास, बाघमारा (धनबाद)। लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर धनबाद कोयलांचल के कतरास, बाघमारा और सिजुआ क्षेत्र में भक्तिमय माहौल चरम पर है। चार दिवसीय छठ महापर्व के तीसरे दिन रविवार को व्रती अस्ताचलगामी भगवान भास्कर को पहला अर्घ्य अर्पित करेंगे। इसे लेकर विभिन्न छठ घाटों को आकर्षक ढंग से सजाकर तैयार कर लिया गया है।
जोगता-सेंद्रा से बाघमारा तक छठ घाटों की भव्य सजावट
भेलाटांड़ और सिजुआ क्षेत्र के प्रमुख छठ घाटों में जोगता-सेंद्रा छठ तालाब, सिजुआ नया मोड़ और डीनाबली छठ तालाब समेत विभिन्न घाटों की आकर्षक सजावट श्रद्धालुओं के बीच आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। घाट परिसर को रंग-बिरंगी लाइटों और आकर्षक सजावटी रोशनी से सजाया गया है। शाम होते ही जगमगाते घाटों की खूबसूरती देखते ही बन रही है।
बाघमारा क्षेत्र के विभिन्न छठ घाटों पर भी व्रतियों और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। घाटों पर छठ गीतों की गूंज और भक्तिमय वातावरण से पूरा इलाका छठमय हो गया है।
घरों से घाटों तक दिखेगी आस्था की अद्भुत छटा
छठ महापर्व को लेकर धनबाद जिले में इस बार व्यापक उत्साह देखने को मिल रहा है। कतरास, बाघमारा, सिजुआ सहित शहर और ग्रामीण इलाकों में तालाबों, नदियों और अन्य जलाशयों के किनारे श्रद्धालु भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करेंगे। अनुमान के मुताबिक जिले में करीब नौ लाख लोग छठ पूजा में शामिल होंगे।
ग्रामीण क्षेत्रों में भी छठ की रौनक
गोविंदपुर, निरसा, बाघमारा, बलियापुर, तोपचांची, टुंडी और एग्यारकुंड समेत जिले के विभिन्न प्रखंडों में भी छठ की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में तालाबों, जोरिया और नदियों के किनारे बने छोटे-बड़े घाटों पर श्रद्धालु भगवान भास्कर को अर्घ्य देंगे।