- झारखंड के 26 वर्ष : खनिज संपदा अपार, विकास की रफ्तार लाचार : संजय सर्राफ
टीम एबीएन, रांची। झारखंड पेरेंट्स एसोसिएशन के प्रांतीय प्रवक्ता संजय सर्राफ ने कहा है कि 15 नवंबर 2000 को बिहार से अलग होकर झारखंड देश के 28वें राज्य के रूप में अस्तित्व में आया। भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर बने इस राज्य का गठन दशकों के संघर्ष, आदिवासी अस्मिता, जल-जंगल-जमीन की रक्षा और क्षेत्रीय विकास की आकांक्षा का परिणाम था।
15 नवंबर 2026 को झारखंड अपने 26 वर्ष पूरे कर रहा है। कोयला, लौह अयस्क, तांबा, यूरेनियम और अन्य खनिजों से समृद्ध झारखंड के पास औद्योगिक विकास की अपार संभावनाएं हैं। रांची, जमशेदपुर, बोकारो और धनबाद जैसे शहर उद्योग, शिक्षा और प्रशासन के प्रमुख केंद्र हैं। राज्य में सड़क, बिजली, संचार, शहरी सुविधाओं और शिक्षण संस्थानों का विस्तार हुआ है।
किंतु 26 वर्षों की विकास यात्रा अपेक्षाओं पर खरी नहीं उतर सकी है। खनिज संपदा का बड़ा हिस्सा होने के बाद भी आम जनता को उसका अपेक्षित लाभ नहीं मिल पाया। अनेक गांव आज भी पक्की सड़क, नियमित पेयजल, बेहतर स्वास्थ्य सेवा, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और सिंचाई जैसी बुनियादी सुविधाओं के लिए संघर्ष कर रहे हैं।
बेरोजगारी, पलायन, गरीबी, कुपोषण और किसानों की समस्याएं गंभीर बनी हुई हैं। आम लोगों एवं दूरदराज के क्षेत्रों में विकास योजनाओं का लाभ समान रूप से नहीं पहुंचा है। उद्योगों और निवेश की संभावनाओं के अनुरूप स्थानीय युवाओं को स्थायी रोजगार भी नहीं मिल पा रहा।
राजनीतिक अस्थिरता, भ्रष्टाचार, योजनाओं के क्रियान्वयन में ढिलाई और जवाबदेही की कमी ने विकास की गति को प्रभावित किया है। प्राकृतिक संसाधनों के दोहन के साथ पर्यावरण और विस्थापित परिवारों के अधिकारों की रक्षा भी बड़ी चुनौती है। झारखंड स्थापना दिवस केवल समारोह का दिन नहीं, बल्कि आत्ममंथन का अवसर है।
अब घोषणाओं से आगे बढ़कर पारदर्शी शासन, समयबद्ध योजनाएं, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा-स्वास्थ्य, स्थानीय रोजगार और गांवों तक बुनियादी सुविधाएं पहुंचाना जरूरी है। शहीदों के सपनों का झारखंड तभी बनेगा, जब खनिज संपदा की समृद्धि आम नागरिक के जीवन में खुशहाली, सम्मान और अवसर बनकर उतरेगी।