टीम एबीएन, रांची। एसआर डीएवी पब्लिक स्कूल, पुंदाग में भारत के प्रथम प्रधान मंत्री तथा बच्चों के प्यारे चाचा पंडित जवाहर लाल नेहरू को उनकी जयंती के अवसर पर याद किया गया तथा उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गयी। चूंकि इस वर्ष छठ पूजा की छुट्टियों के कारण विद्यालय परिसर विद्यार्थियों के बिना सूना नजर आया, पर विद्यार्थियों ने पूर्व में ही इससे संबंधित गतिविधियों में भाग ले लिया था।
डीएवी पब्लिक स्कूल्स झारखंड जोन जेके एआरओ सह डीएवी पब्लिक स्कूल, पुंदाग के प्राचार्य डॉ तापस घोष ने सभी विद्यार्थियों को आभासी माध्यम से ही बाल दिवस की शुभ कामनाएं देते हुए कहा कि निश्छल बच्चे ईश्वर का रूप होते हैं।
उन्हें सर्वांगीण विकास का अवसर प्राप्त होना चाहिए। सभी गुरुजनों को बच्चों को मन लगाकर पढ़ाई करने के लिए प्रेरित तथा प्रोत्साहित करते रहना चाहिए तथा उनको उचित मार्गदर्शन देकर देश के योग्य नागरिक के रूप में तैयार किया जाना चाहिए।