- भविष्य के संकट को लेकर चिंतित हैं एचईसी के कर्मचारी
एचईसी के भविष्य और कर्मचारियों की नौकरी पर संकट, मुख्यालय के बाहर श्रमिक संगठनों का जोरदार प्रदर्शन
टीम एबीएन, रांची। भारी इंजीनियरिंग निगम (एचईसी) के भविष्य और कर्मचारियों की नौकरी को लेकर अनिश्चितता बढ़ती जा रही है। नेशनल कंपनी लॉ ट्रिब्यूनल (एनसीएलटी) की ओर से नियुक्त अंतरिम समाधान प्रक्रिया के बीच शुक्रवार को कर्मचारियों और विभिन्न श्रमिक संगठनों ने एचईसी मुख्यालय के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया।
कर्मचारियों को अनिश्चितता में छोड़ा
कर्मचारियों ने प्रबंधन और केंद्र सरकार के खिलाफ नाराजगी जताते हुए आरोप लगाया कि एक सोची-समझी योजना के तहत एचईसी को बंद करने की कोशिश की जा रही है।
वर्षों तक कंपनी के लिए काम करने वाले कर्मचारियों को अब उनके वेतन और नौकरी के भविष्य को लेकर अनिश्चितता में छोड़ दिया गया है। विरोध प्रदर्शन को देखते हुए मुख्यालय के गेट पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा। प्रदर्शन के बीच एचईसी के प्रशासक एस। गोपाल कृष्णन खुद कर्मचारियों से बातचीत करने के लिए मुख्यालय के गेट के बाहर पहुंचे।
उन्होंने कर्मचारियों को आश्वासन दिया कि उनके उठाए गए तमाम मुद्दों पर विचार किया जा रहा है। सभी पहलुओं पर चर्चा के बाद जो भी निर्णय लिया जायेगा, उससे कर्मचारियों को अवगत कराया जायेगा। हालांकि, कर्मचारियों की मांग पुराने वेतन के भुगतान और नौकरी की सुरक्षा को लेकर ठोस आश्वासन देने की है।
प्रदर्शन के दौरान सीटू के कर्मचारी नेता हरेंद्र प्रताप यादव ने अधिकारियों के साथ-साथ श्रमिक संगठनों के कुछ नेताओं की भूमिका पर भी सवाल उठाये। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों के हितों की रक्षा के लिए सभी को जवाबदेह होना होगा।
वहीं, श्रमिक संघ के महामंत्री रमाशंकर सिंह ने कहा कि कर्मचारियों के भविष्य और वर्षों से लंबित वेतन को लेकर मनमानी नहीं चलने दी जाएगी। केंद्र सरकार को एचईसी के मामले में गंभीरता से हस्तक्षेप करना चाहिए। कर्मचारियों ने साफ किया कि नौकरी की सुरक्षा, बकाया वेतन का भुगतान और एचईसी को बचाने की मांग पर उनका आंदोलन जारी रहेगा।