झारखंड स्थापना दिवस की तैयारी में जुटी हेमंत सरकार, राज्य सरकार की दूसरी वर्षगांठ पर होंगे मुख्य कार्यक्रम
टीम एबीएन, रांची। 15 नवंबर 2000 को झारखंड बना था। 26 सालों के इस सफर में विकास की रुपरेखा बनती रही और इसे जमीन पर उतारने का प्रयास होता रहा। सरकारी- गैर सरकारी प्रयासों से राज्य में उत्तरोत्तर विकास होता रहा है।
इन सबके बीच एक बार फिर राज्य स्थापना दिवस की तैयारी सरकारी स्तर पर शुरू हो गयी है, जिसके तहत 15 नवंबर को अलग अंदाज में राज्य के सभी जिलों में शुरू की जायेगी, जिसके तहत रन पर क्लीननेस का आयोजन होगा और स्थापना दिवस का समापन वर्तमान सरकार के दूसरे वर्षगांठ के अवसर पर 28 नवंबर को खेल गांव रांची में आयोजित कार्यक्रम के साथ संपन्न होगा।
रन पर क्लीनेस का आयोजन
सूचना एवं जनसंपर्क विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक, 15 नवंबर को सुबह 7:00 बजे से सभी जिलों में रन पर क्लीनेस का आयोजन होगा। इसके तहत लोग अपने-अपने जिले के प्रमुख चौक चौराहों और महत्वपूर्ण स्थलों से छठ घाटों तक दौड़ लगायेंगे। इसके बाद छठ घाट और आसपास के क्षेत्र में विशेष सफाई अभियान चलाया जायेगा।
राज्यस्तर पर होंगे कई कार्यक्रम, तैयारी में जुटा प्रशासन
स्थापना दिवस के मौके पर 17 से 25 नवंबर तक राज्य स्तरीय कई कार्यक्रम आयोजित किये जायेंगे, जिसमें पंचायत, प्रखंड और जिला स्तर पर खेलकूद, नाटक, नृत्य संगीत और निबंध लेखन प्रतियोगिता आयोजित किया जायेगा। विजेता टीम को मुख्य कार्यक्रम के दौरान पुरस्कृत की जायेगी।
योजना एवं कार्यक्रमों संबंधी में जानकारी
26 नवंबर से 28 नवंबर तक खेल गांव रांची में मेला, प्रदर्शनी का आयोजन किया जायेगा, जिसमें विभागीय स्टॉल के साथ-साथ हर जिले का एक-एक स्टॉल और अन्य स्टाल लगाये जायेगे। विभागीय स्लॉट में विभाग द्वारा चलाई जा रही योजनाओं कार्यक्रमों और जनउपयोगी सेवाओं के संबंध में जानकारी उपलब्ध करायी जायेगी।
खेलगांव में मुख्य कार्यक्रमों का आयोजन
वर्तमान सरकार के द्वितीय वर्षगांठ के अवसर पर 28 नवंबर को खेलगांव में आयोजित मुख्य कार्यक्रम के दौरान विभिन्न योजनाओं का उद्घाटन, शिलान्यास, शुभारंभ तथा लाभुकों के बीच परिसंपत्तियों का वितरण मुख्यमंत्री के हाथों किया जायेगा।