जेल अधीक्षक और डॉक्टर समेत 19 पर प्राथमिकी
महाशिवरात्रि, रामनवमी और सरहुल की रात वारदात को दिया गया अंजाम
नशीला पदार्थ पिलाकर यौन शोषण करने का आरोप
शिकायत फाड़ने और इलाज नहीं करने का भी दावा
टीम एबीएन, रांची। राजधानी रांची के होटवार स्थित बिरसा मुंडा केंद्रीय कारा में एक विचाराधीन बंदी के साथ कथित सामूहिक यौनाचार का गंभीर मामला सामने आया है। 20 वर्षीय युवक के साथ जेल के भीतर तीन अलग-अलग मौकों पर नशीला पदार्थ पिलाकर सामूहिक अप्राकृतिक यौनाचार किये जाने का आरोप लगाया गया है। इस मामले में जेल अधीक्षक, जेल अस्पताल के मेडिकल आॅफिसर, वार्ड इंचार्ज समेत कुल 19 लोगों के खिलाफ खेलगांव थाने में प्राथमिकी दर्ज की गयी है।
पीड़ित युवक के पिता नंदकिशोर शर्मा ने पुलिस को लिखित शिकायत देकर आरोप लगाया है कि उनका बेटा एक मामले में विचाराधीन बंदी के रूप में बिरसा मुंडा केंद्रीय कारा में बंद था। रांची की अदालत ने उसे 12 जून 2026 को बरी कर दिया था। जेल से बाहर आने के बाद युवक गहरे मानसिक सदमे में था। बाद में उसने अपने साथ जेल के भीतर हुई कथित घटनाओं की जानकारी परिजनों को दी।
तीन पर्वों की रात वारदात को अंजाम देने का आरोप
एफआईआर में आरोप लगाया गया है कि जेल के भीतर बंद कुछ बंदियों ने महाशिवरात्रि, रामनवमी और सरहुल की रात युवक को निशाना बनाया।
शिकायत के मुताबिक, महाशिवरात्रि की रात आरोपियों ने युवक को जबरन साड़ी पहनाई और मेकअप कर उसे पार्वती के रूप में सजाया। इसके बाद कथित तौर पर नशीला पदार्थ पिलाकर बेहोशी की हालत में वार्ड नंबर 3-ए में ले जाया गया, जहां उसके साथ सामूहिक अप्राकृतिक यौनाचार किया गया। इस दौरान रक्तस्राव होने का भी आरोप लगाया गया है।
इसी तरह रामनवमी की रात युवक को सीता के रूप में सजाकर नशीला पदार्थ देने और ग्राउंड हॉल में ले जाकर दोबारा सामूहिक यौनाचार करने की बात शिकायत में कही गयी है। तीसरी घटना सरहुल पूजा की रात की बतायी गयी है। आरोप है कि इस दौरान युवक को घसीटकर वार्ड नंबर पांच स्थित सरहुल वार्ड में ले जाया गया और उसके साथ फिर से यौन हिंसा की गयी।
शिकायत पत्र फाड़ने और इलाज से इनकार का आरोप
मामले में जेल प्रशासन की भूमिका पर भी गंभीर सवाल उठाये गये हैं। शिकायतकर्ता के अनुसार, पीड़ित युवक ने वार्ड इंचार्ज को लिखित शिकायत दी थी, लेकिन आरोप है कि वार्ड इंचार्ज ने उसके साथ गाली-गलौज करते हुए शिकायत पत्र फाड़ दिया।
युवक ने कथित घटनाओं के बाद रक्तस्राव होने पर जेल अस्पताल में इलाज कराने की कोशिश की थी। हालांकि, शिकायत में आरोप लगाया गया है कि मेडिकल आॅफिसर ने उसकी जांच और उपचार करने से इनकार कर दिया तथा उसे वापस भेज दिया। इसके अलावा, 12 जून को जेल से रिहाई के समय भी उसकी मेडिकल जांच नहीं कराये जाने का आरोप लगाया गया है।
जेल अधीक्षक, मेडिकल आॅफिसर समेत 19 आरोपी
शिकायत में जेल के भीतर बंद कई बंदियों के अलावा वार्ड इंचार्ज, पुलिसकर्मियों, जेल अधीक्षक और मेडिकल आॅफिसर को भी आरोपी बनाया गया है। शिकायतकर्ता ने जेल प्रशासन के कुछ अधिकारियों पर कथित घटनाओं की जानकारी होने के बावजूद कार्रवाई नहीं करने और मामले को दबाने का आरोप लगाया है।
फिलहाल खेलगांव थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामला जेल की सुरक्षा व्यवस्था, बंदियों की निगरानी और हिरासत में उनकी सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े करता है। हालांकि, प्राथमिकी में लगाये गये आरोपों की पुष्टि पुलिस जांच और आगे की कानूनी प्रक्रिया के बाद ही हो सकेगी।