Breaking
ताज़ा समाचार लोड हो रहा है...
झारखंड

गुमला : पराक्रम दिवस के रूप में मनी नेताजी सुभाष चंद्र बोस की 125वीं जयंती

गुमला : पराक्रम दिवस के रूप में मनी नेताजी सुभाष चंद्र बोस की 125वीं जयंती
विज्ञापन
टीम एबीएन, गुमला। नेताजी सुभाष चन्द्र बोस की 125वीं जयंती पराक्रम दिवस के रूप में परमवीर अल्बर्ट एक्का स्टेडियम में जिला प्रशासन गुमला द्वारा पूरे हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर उपायुक्त शिशिर कुमार सिन्हा, उप विकास आयुक्त कर्ण सत्यार्थी, सदर अनुमंडल पदाधिकारी रवि आनंद ने संयुक्त रूप से मंच पर अधिष्ठापित नेताजी के आदमकद कटआउट पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पण कर शत-शत नमन किया। जयंती समारोह को संबोधित करते हुए उपायुक्त शिशिर कुमार सिन्हा ने नेताजी सुभाष चंद्र बोस को स्मरण करते हुए कहा कि देश को आजादी दिलाने में नेताजी का महत्वपूर्ण योगदान रहा। अंग्रेजी हुकूमत से देश को आजाद कराने के लिए उन्होंने अपना जीवन तक न्यौछावर कर दिया। अतः हमें नेताजी के आदर्शों पर चलने का संकल्प लेने की आवश्यकता है। उन्होंने आगे कहा कि सुभाष चंद्र बोस का प्रमुख नारा "तुम मुझे खून दो, मैं तुम्हें आजादी दूंगा" आज भी युवाओं के लिए प्रेरणादायक है। वर्तमान समय में युवाओं को नेताजी के आदर्श पर चलकर देश की सेवा में निस्वार्थ रूप से योगदान देने की जरूरत है। सुभाष चंद्र बोस एक ऐसे स्वतंत्रता सेनानी थे, जिनके द्वारा देश की आजादी के लिए किए गए बलिदान को देश कभी भी भुला नहीं पाएगा। आज हमें उस ही बलिदान को स्मरण करते हुए उनके जज्बे, त्याग और समर्पण से सीखने का हरसंभव प्रयास करना चाहिए। इसके साथ ही उन्होंने गुमला जिले में नेताजी सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा की स्थापना के विषय में कहा कि जिला प्रशासन के द्वारा जिले में प्रमुख स्थल को चिन्हित कर नेताजी की प्रतिमा की स्थापना की जाएगी। जयंती समारोह को संबोधित करते हुए उप विकास आयुक्त कर्ण सत्यार्थी ने कहा कि राष्ट्र के निर्माण में नेताजी सुभाष चंद्र बोस का अमूल्य योगदान रहा। हमें उनके इस योगदान को स्मरण करने की आवश्यकता है। उन्होंने आगे कहा कि हमारे देश के युवाओं को नेताजी के जीवन से न केवल साहस बल्कि बुद्धि की भी प्रेरण लेनी चाहिए, ताकि राष्ट्र के निर्माण में महनत, साहस और बुद्धि का प्रयोग करते हुए आधुनिक भारत के निर्माण की जो कल्पना नेताजी ने की थी, उस कल्पना की ओर आगे बढ़ सकें। आज राष्ट्र के सर्वांगीण विकास में सम्मिलित होने के लिए हमें उनके मुख्य आदर्श राष्ट्रवाद को अपनाने का संकल्प लेना होगा। इससे पूर्व स्वागत भाषण करते हुए जिला शिक्षा पदाधिकारी सह जिला शिक्षा अधीक्षक सुरेंद्र पाण्डेय ने नेताजी के असाधारण देशप्रेम, अदम्य साहस और आजादी की लड़ाई में उनके योगदान को अविस्मरणीय बताया। इसके पश्चात् प्रशासनिक पदाधिकारियों ने भी नेताजी सुभाष चंद्र बोस के आदमकद कटआउट पर पुष्प अर्पित कर उन्हें शत-शत नमन किया। नेताजी सुभाष चंद्र बोस की 125 वीं जयंती समारोह के अवसर पर उपायुक्त शिशिर कुमार सिन्हा, उप विकास आयुक्त कर्ण सत्यार्थी, सदर अनुमंडल पदाधिकारी रवि आनंद, नजारत उप समाहर्त्ता सिद्धार्थ शंकर चौधरी, जिला शिक्षा पदाधिकारी सह जिला शिक्षा अधीक्षक सुरेंद्र पाण्डेय, एडीपीओ पीयुष कुमार, एसएमपीओ रेचल जोजोवार सहित अन्य उपस्थित थे। कार्यक्रम में मंच का सफल संचालन सरस्वती शिशु मंदिर के आचार्य स्वपन कुमार राय ने किया।
विज्ञापन

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ 24 अपने सभी पाठकों और प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और विश्वास के लिए धन्यवाद।

विज्ञापन

© 2026 ABN News 24. All Rights Reserved.

कुल पाठक (Total Visitors): 7,354