एबीएन न्यूज नेटवर्क, धनबाद। सांसद ढुल्लु महतो ने सिनीडीह में कायस्थ परिवार बाघमारा अंचल द्वारा आयोजित परमपिता ब्रह्मा के दिव्य अंश भगवान चित्रगुप्त पूजा के पूजा पंडाल का फीता काटकर उद्घाटन किया। कलम दवात के आराध्य देव पाप-पुण्य, जीवन-मृत्यु का लेखा-जोखा रखने वाले भगवान चित्रगुप्त से कोयलांचल के लोगों के अंतस में सद्कर्मों का संचार करें, इसकी प्रार्थना की।
मौके पर आयोजन समिति के सदस्यों ने सांसद को बैच लगाकर सम्मानित किया। इस पूजन को संपन्न करा रहे पुरोहित ने सांसद रक्षा सूत्र बांधकर अजेय होने का आशीर्वाद दिया। सांसद ने कहा कि धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, चित्रगुप्त महाराज ब्रह्म देव की काया यानि शरीर से उत्पन्न हुए थे, इसलिए उनको कायस्थ कहा जाता है।
ब्रह्मदेव ने उनको सभी जीवों के कर्मों का लेखा-जोखा रखने का उत्तरदायित्व दिया है। चित्रगुप्त पूजा के अवसर पर उनकी आराधना करने से बुद्धि, विद्या और लेखन में प्रसिद्धि हासिल होती है।